समय रहते बीमारी की पहचान और नियमित स्क्रीनिंग पर दिया गया जोर, चिकित्सकों एवं रेजिडेंट डॉक्टरों को रोकथाम और जागरूकता के प्रति किया गया जागरूक।
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज, कानपुर के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग में 5 सितंबर 2026 को सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग के महत्व को लेकर CME का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सर्वाइकल कैंसर की समय रहते पहचान, नियमित स्क्रीनिंग और रोकथाम के प्रति चिकित्सकों एवं रेजिडेंट डॉक्टरों को जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम की मुख्य आयोजक विभागाध्यक्ष डॉ. सीमा द्विवेदी रहीं, जबकि कार्यक्रम का समन्वय डॉ. वंदना शर्मा एवं डॉ. करिश्मा शर्मा ने किया।
वैज्ञानिक सत्र के दौरान डॉ. पविका लाल एवं डॉ. भारती शर्मा ने सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग की आवश्यकता, शीघ्र निदान और महिलाओं में जागरूकता के महत्व पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि नियमित स्क्रीनिंग के माध्यम से सर्वाइकल कैंसर का शुरुआती अथवा पूर्व अवस्था में पता लगाया जा सकता है, जिससे समय रहते प्रभावी रोकथाम और उपचार संभव होता है।
वक्ताओं ने चिकित्सकों से महिलाओं को नियमित स्क्रीनिंग के प्रति जागरूक करने और बीमारी के शुरुआती संकेतों को लेकर जानकारी देने पर भी जोर दिया।
CME के बाद प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग के फैकल्टी सदस्यों एवं रेजिडेंट डॉक्टरों द्वारा शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान शिक्षकों के योगदान के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की गई।
कार्यक्रम में डॉ. नीना गुप्ता, डॉ. रेणु गुप्ता, डॉ. शैली अग्रवाल, डॉ. दिव्या द्विवेदी, डॉ. प्रतिमा वर्मा, डॉ. उरूज जहां, डॉ. प्रीति त्यागी, डॉ. रश्मि यादव, डॉ. रश्मि गुप्ता सहित अन्य संकाय सदस्य एवं रेजिडेंट डॉक्टर उपस्थित रहे।


