HomeNEWSशिकायत की जांच में अनियमितता मिलने पर क्रॉस केयर डायग्नोस्टिक सेंटर का...

शिकायत की जांच में अनियमितता मिलने पर क्रॉस केयर डायग्नोस्टिक सेंटर का पंजीकरण निरस्त

जांच रिपोर्ट में अंतर और अभिलेखों में कमियां मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने की कार्रवाई

  • नरेश राठौर

झांसी। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और जांच रिपोर्टों की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा निजी स्वास्थ्य संस्थानों एवं डायग्नोस्टिक केंद्रों की निगरानी और निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में शिकायत की जांच के बाद क्रॉस केयर डायग्नोस्टिक सेंटर का पंजीकरण निरस्त कर दिया गया है।

महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी डॉ. शिशिर पुरी के आदेश पर उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं नोडल अधिकारी (पंजीकरण) डॉ. आशीष अग्निहोत्री ने क्रॉस केयर डायग्नोस्टिक सेंटर का विभागीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान प्राप्त शिकायत और संबंधित अभिलेखों की जांच की गई। विभाग के अनुसार, शिकायतकर्ता द्वारा कराई गई जांच रिपोर्ट और अन्य संस्थान से प्राप्त रिपोर्ट में महत्वपूर्ण अंतर पाया गया। इसके बाद मामले की विस्तृत समीक्षा की गई।

जांच के दौरान लैब रिपोर्ट में त्रुटियां पाए जाने के साथ-साथ पंजीकरण से संबंधित अभिलेखों में भी कमियां सामने आईं। स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों के हित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए क्रॉस केयर डायग्नोस्टिक सेंटर का पंजीकरण निरस्त करने की कार्रवाई की।

स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि पंजीकरण निरस्त किए जाने के आदेश के बावजूद यदि संबंधित पैथोलॉजी सेंटर का संचालन दोबारा किया जाता है, तो संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने जनपद में संचालित सभी निजी स्वास्थ्य संस्थानों, पैथोलॉजी एवं डायग्नोस्टिक केंद्रों को निर्धारित मानकों, गुणवत्ता प्रोटोकॉल और पंजीकरण संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। विभाग का कहना है कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग झांसी ने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और विश्वसनीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है और मानकों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments