GRP झांसी और RPF क्राइम विंग की संयुक्त कार्रवाई, हरियाणा मार्का शराब के साथ दतिया निवासी आरोपी गिरफ्तार
- नरेश राठौर
झांसी। वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन झांसी पर जीआरपी (GRP) और आरपीएफ क्राइम विंग की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक कथित शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से हरियाणा मार्का अवैध शराब बरामद होने का दावा किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 13,500 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, जीआरपी झांसी और आरपीएफ क्राइम विंग की संयुक्त टीम ने स्टेशन के नगरा स्थित यार्ड ग्रुप-D गेस्ट हाउस के पीछे कार्रवाई करते हुए संदिग्ध युवक को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से 35 क्वार्टर अवैध देशी शराब और 15 हाफ अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
बरामद शराब हरियाणा मार्का बताई गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान आकाश वर्मा उर्फ गोलू, निवासी दतिया, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में शराब को अवैध रूप से ले जाने और तस्करी किए जाने की आशंका जताई गई है।
मामले में थाना GRP झांसी में आरोपी के खिलाफ धारा 63 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई और जांच की जा रही है।
रेलवे स्टेशन परिसर में शराब की अवैध तस्करी के खिलाफ की गई इस कार्रवाई को सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम द्वारा स्टेशन परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी जारी रखने की बात कही गई है।


