
नीली टी-शर्ट और जींस में नजर आएंगे छात्र सभा के कार्यकर्ता, कॉलेजों में चलेगा छात्र जागरूकता अभियान
- अखिलेश कुमार अग्रहरि
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को सपा प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पार्टी के छात्र संगठन समाजवादी छात्र सभा की नई यूनिफॉर्म लॉन्च की। नई यूनिफॉर्म में नीले रंग की टी-शर्ट और नीले रंग की जींस शामिल है। टी-शर्ट पर समाजवादी छात्र सभा का लोगो अंकित है।
कार्यक्रम में समाजवादी छात्र सभा की राष्ट्रीय एवं प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि छात्र सभा दो सप्ताह का कार्यक्रम तय कर कॉलेज और विश्वविद्यालयों में छात्र जागरूकता अभियान चलाएगी। छात्रों को संगठन से जोड़ने के साथ ही समाजवादी विचारधारा को छात्र-छात्राओं तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
कॉलेज और विश्वविद्यालयों में होंगे विभिन्न कार्यक्रम
अखिलेश यादव ने बताया कि पीडीए वृक्षारोपण के बाद विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में शिविर लगाकर संपर्क कार्यक्रम तथा पर्चा वितरण किया जाएगा। छात्र-छात्राओं से सुझाव पत्र भरवाए जाएंगे। इसके अलावा संगोष्ठियों में वर्तमान राजनीति में छात्र-छात्राओं एवं युवाओं की भूमिका पर चर्चा होगी और मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान समारोह भी आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी की सोच नई होती है। इसी दिशा में काम करते हुए समाजवादी छात्र सभा को नई यूनिफॉर्म दी गई है, ताकि छात्रों के बीच समाजवादी विचारधारा और मूल्यों को पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि यूनिफॉर्म से एकरूपता आती है और गैरबराबरी की भावना कम होती है।

पीडीए और सामाजिक न्याय को छात्रों तक पहुंचाने पर जोर
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी अपनी प्रगतिशील सोच, सकारात्मक दृष्टिकोण, लोकतांत्रिक तरीके और समाजवादी विचारधारा को छात्रों के बीच पहुंचाने का काम करेगी। छात्र सभा के माध्यम से युवाओं को पीडीए आंदोलन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पीडीए का अर्थ सकारात्मक, लोकतांत्रिक और सकारात्मक कार्रवाई के साथ-साथ प्रेम, दया और अपनापन भी है। उनके अनुसार समाज में सौहार्द बढ़ेगा तो भविष्य बेहतर होगा। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय के लिए सभी वर्गों को साथ लेकर चलना जरूरी है और किसी के साथ भेदभाव या पक्षपात नहीं होना चाहिए।

नई पीढ़ी और नई तकनीक से जुड़ेगा संगठन
अखिलेश यादव ने कहा कि नई पीढ़ी नई सोच और नए विचारों के साथ आगे बढ़ रही है। नई तकनीक के कारण रोजगार और काम के नए अवसर विकसित हो रहे हैं। छात्र सभा के कार्यकर्ता जब कॉलेज और विश्वविद्यालय परिसरों में जाएंगे तो उन्हें छात्रों से नए विचार और सुझाव मिलेंगे। उन्होंने कहा कि छात्रों के नए विचारों को पार्टी के चुनाव घोषणा पत्र में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि देश की पहचान अनेकता में एकता है। समाजवादी छात्र सभा युवाओं के बीच सौहार्द, लोकतांत्रिक मूल्यों और मानवता का संदेश लेकर जाएगी।
सरकार बनने पर छात्रसंघों को लेकर नई पहल का दावा
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने के बाद छात्रसंघों के निर्वाचित पदाधिकारियों की एक कमेटी बनाई जाएगी। इस कमेटी के माध्यम से दुनिया के प्रमुख विश्वविद्यालयों, जिनमें कैम्ब्रिज और ऑक्सफोर्ड सहित यूरोप के विश्वविद्यालय शामिल हैं, के साथ शैक्षणिक समन्वय की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में छात्रसंघों की भूमिका और स्वरूप को लेकर भी नई पहल की जाएगी।
नीले रंग को लोकतंत्र और संविधान से जोड़ा
नई यूनिफॉर्म के नीले रंग को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि नीला रंग लोकतंत्र, विचारधारा और संविधान से जुड़ा है। उन्होंने इसे बहुजन समाज और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर से भी जोड़ते हुए कहा कि युवा कार्यकर्ताओं को नई सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
कई लोगों ने सपा की सदस्यता ग्रहण की
कार्यक्रम के दौरान गोरखपुर की सामाजिक कार्यकर्ता सुशीला चौहान, पूर्व पार्षद विराट चौहान, अंकुश निषाद, गोरखपुर से जिला पंचायत सदस्य कुलदीप निषाद और बीडीसी सदस्य प्रमोद चौहान अपने समर्थकों के साथ समाजवादी पार्टी में शामिल हुए।
अखिलेश यादव ने पार्टी में शामिल होने वाले सभी लोगों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस परिवार के साथ अन्याय हुआ है और अभी भी उन्हें न्याय नहीं मिला है।


