नकारात्मक प्रचार और डिजिटल प्लेटफॉर्म की लड़ाई पर साधा निशाना, बोले- समाजवादियों को कई मोर्चों पर लड़ना पड़ रहा
- अखिलेश कुमार अग्रहरि
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को भाजपा पर तीखा हमला बोला। सपा प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि भाजपाइयों की सोच नकारात्मक है। उन्होंने भाजपा पर नकारात्मक प्रचार और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए राजनीतिक अभियान चलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के लोग बहुरूपिया हैं और उनसे सावधान रहने की जरूरत है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा और उसके लोग नकारात्मक कैंपेन चला रहे हैं, लेकिन सामने नहीं आते। उन्होंने कहा कि समाजवादियों को एक नहीं, बल्कि कई प्लेटफॉर्म पर लड़ाई लड़नी पड़ रही है।
भाजपा पर नकारात्मक प्रचार का आरोप
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा नकारात्मक प्रचार और व्यक्तिगत छवि को प्रभावित करने वाले अभियान चला रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की ओर से आधिकारिक तौर पर उनकी नकारात्मक तस्वीरें पोस्ट की गई हैं। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा इस तरह के प्रचार से नहीं रुकी तो समाजवादी पार्टी भी इसका मुकाबला करेगी।
उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर राजनीति का नया तरीका सामने आया है और समाजवादी पार्टी इस लड़ाई के लिए भी तैयार है।
अर्थव्यवस्था, रोजगार और महंगाई को लेकर सरकार पर निशाना
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि निवेश नहीं आ रहा है और रोजगार के पर्याप्त अवसर पैदा नहीं हो रहे हैं। महंगाई लगातार बढ़ रही है और सरकार के पास इसे नियंत्रित करने तथा युवाओं को रोजगार देने की प्रभावी व्यवस्था नहीं है।
उन्होंने बिजली की बढ़ती कीमतों, कानून-व्यवस्था, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर जैसे शहरों में जलभराव की समस्या सामने आ रही है। प्रयागराज में आए बड़े बजट को लेकर भी उन्होंने भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।
एआई को लेकर समाजवादी सरकार की योजना बताई
अखिलेश यादव ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते इस्तेमाल का जिक्र करते हुए कहा कि मेडिकल, कृषि और अन्य क्षेत्रों में इसका व्यापक लाभ लिया जा सकता है। इसके लिए बेहतर इकोसिस्टम और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर एआई को बढ़ावा देने और आधारभूत ढांचा तैयार करने के लिए अलग बजट की व्यवस्था की जाएगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार के कार्यकाल में गांव-गांव ऑप्टिकल फाइबर और केबल बिछाने का काम हुआ था, जिसका लाभ आज प्रदेश में बेहतर इंटरनेट व्यवस्था के रूप में दिखाई दे रहा है। उन्होंने लखनऊ की आईटी सिटी, एचसीएल और सैमसंग के विस्तार तथा लखनऊ मेट्रो का भी उल्लेख किया।
अपराध नियंत्रण में एआई के इस्तेमाल पर जोर
अखिलेश यादव ने कहा कि अपराध की रोकथाम में भी एआई का प्रभावी इस्तेमाल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने डायल-100 रिस्पांस सिस्टम की शुरुआत की थी। भविष्य में एआई आधारित तकनीक का इस्तेमाल कर अपराध नियंत्रण और पुलिस व्यवस्था को और बेहतर किया जा सकता है।
सड़कों और हाईवे की गुणवत्ता पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार के कार्यकाल में बनाए गए हाईवे और सड़कों की स्थिति खराब है। उन्होंने कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे सहित अन्य सड़कों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए और कहा कि कई जगह सड़कें टूट गई हैं।
उन्होंने राम वन गमन पथ को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। अखिलेश यादव ने दावा किया कि उद्घाटन से पहले ही इस मार्ग पर दरारें और टूट-फूट दिखाई देने लगी है तथा सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या में प्रभु राम के मंदिर से जुड़े चंदे के बाद अब राम वन गमन पथ में भी भ्रष्टाचार किया गया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी भाजपा सरकार के खिलाफ जनहित से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और डिजिटल प्लेटफॉर्म सहित हर मोर्चे पर राजनीतिक लड़ाई लड़ेगी।


