
12 बड़े कार्यक्रमों के जरिए हर वर्ग तक पहुंचेगा संगठन, सरकार-संगठन के समन्वय से मजबूत होगी चुनावी जमीन
- अंकित बाजपेई
कानपुर। भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के जरिए वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने की रणनीति सामने रखी है। भाजपा कानपुर उत्तर की कार्यशाला में प्रदेश महामंत्री एवं कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र प्रभारी शंकर लाल लोधी ने कहा कि अभियान केवल सेवा कार्यों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसके माध्यम से संगठन की पहुंच जन-जन तक बढ़ाने और आगामी चुनाव के लिए संगठनात्मक आधार मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
80 फीट रोड स्थित सम्राट गेस्ट हाउस में जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में शंकर लाल लोधी ने सेवा संकल्प अभियान के तहत होने वाले 12 प्रमुख कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन के समन्वय से इन कार्यक्रमों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाया जाएगा।
12 कार्यक्रमों के जरिए जन-जन तक पहुंचेगा संगठन
अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दिया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता, ‘नमो सेवा गाथा’ नुक्कड़ नाटक, ‘आंगन का उत्सव’ के तहत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का सम्मान, ‘कहानी बदलाव की’ के तहत प्रत्येक शक्ति केंद्र पर 10 लाभार्थियों की रील, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘वडनगर से वाराणसी संकल्प यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सरकार आपके द्वार’, मानव रंगोली और राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

हर वर्ग, हर बूथ और हर शक्ति केंद्र तक पहुंचने की तैयारी
भाजपा की रणनीति इन कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों, महिलाओं, लाभार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों के बीच संगठन की सीधी पहुंच बढ़ाने की है। लाभार्थियों की रील, नुक्कड़ नाटक, विभिन्न यात्राओं और जनभागीदारी वाले कार्यक्रमों के जरिए सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को जनता तक पहुंचाने पर विशेष जोर रहेगा।
शंकर लाल लोधी ने कार्यकर्ताओं से अभियान को व्यापक जनअभियान बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य संगठन को और मजबूत करना तथा समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ सीधा संवाद स्थापित करना है। भाजपा इस अभियान को सरकार की योजनाओं और संगठन की ताकत को एक मंच पर लाने के अवसर के रूप में देख रही है।
कार्यशाला में रखी अभियान की रूपरेखा
कार्यशाला में अभियान संयोजक एवं जिला महामंत्री प्रमोद विश्वकर्मा ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। विधायक सुरेंद्र मैथानी ने प्रस्तावना रखी, जबकि संचालन जिला उपाध्यक्ष शिवांग मिश्रा ने किया। जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने सभी का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा वंदे मातरम् के गायन के साथ हुआ।
कार्यशाला में एमएलसी सलिल बिश्नोई, पूनम कपूर, महामंत्री अवधेश सोनकर, अभिनव दीक्षित, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा, सीमा एमबीए, किरन तिवारी, जन्मेजय सिंह, धीरज वाल्मीकि, नवाब सिंह, आकाश शुक्ला, सत्यम गुप्ता, सुरेंद्र गुप्ता, पारस मदान, मोनेन्द्र राजपूत, विनोद पाल, वास्ते त्रिपाठी, रीता पासवान, शालनी कटियार, रमिंदर सिंह, प्रशांत त्रिपाठी, रामजी गुप्ता, शैल शुक्ला, राजेश चौहान, पूनम कंवर, सुरेश गुप्ता, प्रभाकर अवस्थी, चंद्रमणि चौबे, जीशान अहमद, यश जायसवाल और स्पर्श कटियार सहित सभी मंडल अध्यक्ष मौजूद रहे।


