महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ मातृत्व, प्रजनन स्वास्थ्य, गर्भावस्था और IVF को लेकर विशेषज्ञों ने दी महत्वपूर्ण जानकारी
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। 37वीं वाहिनी पीएसी, कानपुर नगर परिसर में वामा वेलनेस कैंप के अंतर्गत स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन उपसेनानायक तनु उपाध्याय के निर्देशन में शिविरपाल चंद्रेश्वर द्वारा वाहिनी के मीटिंग हॉल में कराया गया।
स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य संवर्धन के साथ उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराना रहा। कैंप के दौरान महिलाओं एवं बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर परामर्श दिया गया।
इस अवसर पर डॉ. नेहा सिंह गदियाना, कानपुर नगर एवं उनकी टीम ने महिला स्वास्थ्य, मातृत्व और प्रजनन स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। चिकित्सकों ने उपस्थित महिलाओं की स्वास्थ्य संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए आवश्यक सावधानियों और उपचार के बारे में जानकारी दी।
विशेषज्ञ चिकित्सक द्वारा सामान्य एवं सिजेरियन डिलीवरी, उच्च एवं कम जोखिम वाली गर्भावस्था, बांझपन एवं IVF, लैप्रोस्कोपिक सर्जरी समेत महिलाओं से जुड़ी विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के संबंध में चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया।
शिविर के माध्यम से महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने और गर्भावस्था से जुड़ी जटिलताओं के प्रति सतर्क रहने के लिए भी प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने महिलाओं के सवालों का समाधान करते हुए स्वस्थ जीवनशैली और बेहतर स्वास्थ्य के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए।


