
ओवरब्रिज के लिए नाले की शिफ्टिंग और सीएम-ग्रिड योजना के तहत बन रही सड़कों की प्रगति का लिया जायजा
- सौम्या पाण्डेय
कानपुर नगर। सांसद रमेश अवस्थी ने जरीब चौकी क्षेत्र में निर्माणाधीन ओवरब्रिज के कार्य से जुड़े नाले की शिफ्टिंग का स्थलीय निरीक्षण किया। लगभग 22 करोड़ रुपये की लागत से कराए जा रहे इस कार्य के दौरान उन्होंने मौके पर निर्माण की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सांसद ने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की स्थिति की जानकारी ली और कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने के साथ ही काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। नाले की शिफ्टिंग का कार्य निर्माणाधीन ओवरब्रिज से संबंधित बाधाओं को दूर करने के उद्देश्य से कराया जा रहा है।
इसके अलावा सांसद ने सीएम-ग्रिड योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन सड़कों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा कराने तथा निर्माण में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सांसद ने विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों से कार्यों की नियमित निगरानी करने को कहा। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


