पीडीए को एकजुट कर भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने का किया आह्वान, 2027 को लेकर कार्यकर्ताओं से की तैयारी की अपील
- अखिलेश कुमार अग्रहरि
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ी की खुशहाली और लोकतंत्र के हित में भाजपा को सत्ता से हटाना जरूरी है। उन्होंने प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था और भ्रष्टाचार को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए।
अखिलेश यादव समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडीए को एकजुट कर उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने के लिए संकल्पित है।
उन्होंने भाजपा सरकार पर नई योजनाएं लागू करने में असफल रहने का आरोप लगाया। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार के पास दिखाने के लिए भी समाजवादी सरकार के समय शुरू किए गए कार्य ही हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि हाल ही में लखनऊ आए जापानी प्रतिनिधिमंडल को महिला सुरक्षा के लिए समाजवादी सरकार के समय शुरू की गई वूमेन पावर लाइन 1090 के बारे में जानकारी दी गई।
सपा प्रमुख ने भाजपा पर नफरत की राजनीति के जरिए समाज को बांटने का आरोप लगाया। उन्होंने महिला अपराध, पुलिस कार्रवाई, रोजगार, स्वास्थ्य, पेयजल और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ अपराध, युवाओं में बेरोजगारी तथा पीडीए समाज से जुड़े लोगों के साथ अत्याचार जैसी समस्याएं गंभीर हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार सत्ता में बने रहने के लिए समाज को बांटने और नफरत फैलाने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया।
उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को जनता के बीच जवाब मिलेगा। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी और पीडीए जनता के सहयोग से भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने तथा संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संकल्पित हैं।


