लंबित मामलों के समयबद्ध निस्तारण और अपराध नियंत्रण पर दिया जोर, फरियादियों से संवेदनशील व्यवहार के निर्देश
- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. विपिन ताडा ने 16 सितंबर 2026 को सहायक पुलिस आयुक्त, सीसामऊ कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव एवं सहायक पुलिस आयुक्त, सीसामऊ मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त ने कार्यालय की व्यवस्थाओं, अभिलेखों और विभिन्न रजिस्टरों के रख-रखाव का जायजा लिया। उन्होंने कार्यालय में लंबित प्रकरणों, शिकायतों और प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की स्थिति की भी समीक्षा की।
अपर पुलिस आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों और प्रकरणों में नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।

इसके अलावा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति, अपराध नियंत्रण और लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की गई। अपर पुलिस आयुक्त ने लंबित विवेचनाओं को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने तथा वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई के साथ लगातार निगरानी बनाए रखने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया। साथ ही अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने पर जोर दिया गया।
अपर पुलिस आयुक्त ने कार्यालय में आने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आमजन के साथ शालीन और संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने के लिए कहा।
उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में निरंतर भ्रमण करने और प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा अपराध नियंत्रण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए निरीक्षण समाप्त किया गया।


