HomeNEWSरात 12 बजे सड़क निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने निकले नगर आयुक्त,...

रात 12 बजे सड़क निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने निकले नगर आयुक्त, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

सीएम ग्रिड समेत विभिन्न मार्गों पर निर्माण कार्यों की जांच, गुणवत्ता और समयबद्धता को लेकर अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

  • सौम्या पाण्डेय

कानपुर नगर। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने 18 सितंबर 2026 की रात करीब 12 बजे शहर में चल रहे सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान सीएम ग्रिड समेत विभिन्न मार्गों पर चल रहे कार्यों की प्रगति, सड़क की गुणवत्ता, यूटिलिटी शिफ्टिंग, निर्माण स्थलों की स्थिति और साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया गया। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

सबसे पहले जोन-6 के काकादेव क्षेत्र स्थित वार्ड-20 में प्लांट के माध्यम से कराए जा रहे सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया गया। नगर आयुक्त ने सड़क की गुणवत्ता का आकलन करते हुए तकनीकी पैमाने से सड़क की मोटाई की जांच की। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद, सहायक अभियंता और कार्यदायी संस्था की टीम मौजूद रही। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार तय समयसीमा में पूरे किए जाएं।

इसके बाद देवकी चौराहा से छपेड़ा पुलिया की ओर जाने वाले मार्ग का निरीक्षण किया गया, जहां ट्रेंच की खुदाई का कार्य चल रहा था। नगर आयुक्त ने बताया कि इस कार्य को पूरा करने के निर्देश पूर्व में दिए जा चुके थे, लेकिन मौके पर अपेक्षित प्रगति नहीं मिली। इस पर क्षेत्रीय जोनल अभियंता को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कार्य में तेजी लाने के लिए प्रथम और द्वितीय, दोनों पालियों में टीम लगाकर काम कराने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद ने चौराहे पर स्थित यूरिनल की मरम्मत एवं सुधार का अनुरोध किया। इस पर नगर आयुक्त ने सहायक अभियंता को यूरिनल का तकनीकी परीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके बाद दीप सिनेमा से सोटे बाबा मंदिर तक सीएम ग्रिड के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया। हुंडई शोरूम और पुलिस चौकी के पास बड़ी मात्रा में मलबा एवं कूड़ा जमा मिलने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को तत्काल मलबा हटाकर स्थल की समुचित सफाई कराने के निर्देश दिए।

पुलिस चौकी के पास निरीक्षण के दौरान भी बड़ी मात्रा में मलबा, सीएंडडी वेस्ट और मिट्टी जमा मिली। स्थल की खराब स्थिति को देखते हुए नगर आयुक्त ने संबंधित कार्यदायी संस्था को अंतिम चेतावनी देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि 24 घंटे के भीतर मलबा, सीएंडडी वेस्ट और मिट्टी पूरी तरह हटाकर स्थल को साफ नहीं किया गया तो संबंधित संस्था के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दंड लगाया जाएगा।

इसके बाद नगर आयुक्त ने यू.पी. किराना स्कूल के पास सीएम ग्रिड के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और सड़क को तत्काल क्लियर कराने के निर्देश दिए। संबंधित संस्था ने बताया कि यूटिलिटी शिफ्टिंग का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि जल निगम की एक पाइपलाइन की कनेक्टिंग का कार्य अभी बाकी है। संस्था ने इसे आगामी दो दिनों में पूरा करने की जानकारी दी।

नगर आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। साथ ही निर्माण स्थलों पर मलबा और निर्माण सामग्री व्यवस्थित रखने तथा आम नागरिकों के आवागमन को ध्यान में रखते हुए कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments