
प्रेम, पारिवारिक भावनाओं और संघर्ष पर आधारित है फिल्म, कानपुर और आसपास के कलाकारों को भी मिलेगा अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर
- हरिओम गुप्ता
कानपुर। शहर में शॉर्ट फिल्म ‘गैराज का लव’ की शूटिंग 19 और 20 सितंबर से शुरू हो रही है। फिल्म की कहानी प्रेम, पारिवारिक भावनाओं और संघर्ष के इर्द-गिर्द बुनी गई है। फिल्म में कार गैराज में काम करने वाले मिस्त्री गौरव की कहानी को दिखाया जाएगा।
कहानी के अनुसार, गैराज में काम करने वाले गौरव को एक पढ़ी-लिखी लड़की से प्यार हो जाता है। दोनों के बीच प्रेम कहानी आगे बढ़ती है, लेकिन लड़की की शादी कहीं और तय होने के बाद गौरव हीन भावना और भावनात्मक संघर्ष से गुजरता है। फिल्म इसी प्रेम कहानी और परिस्थितियों के बीच पैदा होने वाले भावनात्मक उतार-चढ़ाव को सामने लाएगी।
फिल्म में चाइल्ड आर्टिस्ट आरव के साथ मुख्य भूमिकाओं में गौरव प्रजापति, प्रियांशी, करण कपूर और योगेंद्र श्रीवास्तव नजर आएंगे। इनके अलावा थिएटर से जुड़े कई अन्य कलाकार भी फिल्म का हिस्सा हैं।
अभिनेता गौरव प्रजापति के कई गाने पहले से ही ‘गौरव स्टूडियो’ यूट्यूब चैनल पर रिलीज हो चुके हैं। टीम के मुताबिक, इन गानों को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। इसी के बाद गौरव प्रजापति और उनकी टीम लगातार कई शॉर्ट फिल्मों पर काम करने की तैयारी में है।
फिल्म की टीम का उद्देश्य कानपुर और आसपास के नए कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक मंच उपलब्ध कराना है। टीम के मुताबिक, कानपुर के बाहर के कलाकार भी इस प्लेटफॉर्म से जुड़कर अभिनय और अन्य क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे।
फिल्म के निर्माता संजय पाल और मनीष कुमार हैं, जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी मनीष कुमार संभाल रहे हैं। फिल्म के लेखक भारत लाल हैं। मेकअप की जिम्मेदारी जूली (ओसम क्रिएशन) की है, जबकि अर्चना असिस्टेंट के रूप में टीम से जुड़ी हैं।
फिल्म में कैमरा मनीष कुमार संभालेंगे, जबकि असिस्टेंट कैमरामैन के रूप में शिवम यादव टीम का हिस्सा हैं। लाइट टेक्नीशियन के तौर पर रवि कमल और शिवम कुशवाहा, साउंड टेक्नीशियन विपिन शर्मा, प्रोडक्शन डिजाइनर भारत लाल, प्रोडक्शन कंट्रोलर मनोज श्रीवास्तव और लाइन प्रोड्यूसर राजीव गौर (बॉलीवुड ब्रदर इंटरटेनमेंट) हैं। ड्रोन कैमरे की जिम्मेदारी सूरज कुमार संभालेंगे।
शूटिंग के दौरान कलाकारों और तकनीकी टीम के खान-पान की व्यवस्था मिडवे रेस्टोरेंट, आवास विकास, कल्याणपुर, कानपुर की ओर से की जा रही है।
निर्माण टीम के मुताबिक ‘गैराज का लव’ को जल्द ही विभिन्न ओटीटी प्लेटफॉर्म के साथ-साथ यूट्यूब पर भी दर्शकों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। फिल्म के जरिए मनोरंजन के साथ-साथ नए कलाकारों को अपनी प्रतिभा सामने लाने का अवसर देने का प्रयास किया जा रहा है।


