AI, ब्लॉकचेन, क्लाउड और डेटा एनालिसिस जैसे आधुनिक कौशल सीखने पर विशेषज्ञों ने दिया जोर
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। वीएसएसडी कॉलेज के वाणिज्य विभाग एवं टैलेंट डेवलपमेंट काउंसिल के संयुक्त तत्वावधान में “Career in Computerized Accounting” विषय पर व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को कंप्यूटराइज्ड अकाउंटिंग, तकनीकी बदलावों और रोजगार के बदलते अवसरों की जानकारी दी।
मुख्य वक्ता वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट डीसी शुक्ला ने कहा कि वर्तमान समय ज्ञान और कौशल का है। विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में विशिष्टता विकसित करने के साथ नई तकनीकों की जानकारी भी रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आने वाले वर्षों में कार्यक्षेत्र के स्वरूप में व्यापक बदलाव ला सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को AI, Blockchain, Cloud और Data Analysis जैसी तकनीकों से परिचित होने की सलाह दी।

टैलेंट डेवलपमेंट काउंसिल के सचिव एवं पूर्व अपर आयकर आयुक्त आरसी गुप्ता ने संस्था की ओर से किए जा रहे शैक्षिक एवं कौशल विकास संबंधी कार्यों की जानकारी दी। वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट कमल राज गुप्ता ने कहा कि विद्यार्थियों को वर्तमान चुनौतियों का सामना करने के लिए ज्ञान और कौशल दोनों में निरंतर वृद्धि करनी चाहिए।
वाणिज्य संकाय अध्यक्ष प्रो. मनोज अवस्थी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि लेखा व्यवसाय की आत्मा है। GST और TDS सहित कर नियमों में होने वाले बदलाव तथा बढ़ते डिजिटल लेन-देन के कारण कंप्यूटराइज्ड अकाउंटिंग का महत्व लगातार बढ़ रहा है।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. ओपी जायसवाल ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन दिलीप कुमार ने दिया। इस अवसर पर शिक्षक, शोधार्थी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


