HomeNEWSभारतीय किसान यूनियन ने समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

भारतीय किसान यूनियन ने समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

नहरों में पानी, खाद की उपलब्धता, अन्ना पशुओं से निजात और एमएसपी की कानूनी गारंटी समेत पांच सूत्रीय मांगें उठाईं

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर। भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) की मासिक पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत में किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर मंथन के बाद जिलाधिकारी एवं उपजिलाधिकारी, कानपुर नगर को मांग पत्र सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से किसानों की पांच सूत्रीय मांगें शासन-प्रशासन के समक्ष रखी गईं।

किसानों ने नहरों की सफाई और पानी की आपूर्ति की मांग करते हुए बताया कि नहरों की सही ढंग से सफाई न होने के कारण हलुआखेड़ा, बसंतपुर, बाँसर माइनर, नरौरा माइनर, सवाईजयपुर माइनर, पाला माइनर और सुथौली माइनर में पानी नहीं पहुंच रहा है। किसानों ने नहरों की तत्काल सफाई कराकर पानी पहुंचाने की मांग की।

अन्ना पशुओं से निजात के लिए कल्याणपुर विकासखंड क्षेत्र के ढूल गांव सहित सभी ब्लॉकों में अन्ना पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में संरक्षित करने की मांग की गई, ताकि किसानों की फसलों को नुकसान से बचाया जा सके।

किसानों ने सहकारी समितियों पर यूरिया और डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की भी मांग की। इसके साथ ही फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी देने की मांग उठाई गई।

किसानों ने कृषि, खाद, बीज और कीटनाशक दवाओं से संबंधित सरकारी योजनाओं के पर्याप्त प्रचार-प्रसार की आवश्यकता भी जताई। उनका कहना था कि योजनाओं की जानकारी धरातल तक नहीं पहुंच पाती और कई योजनाएं कागजों तक सीमित रह जाती हैं। किसानों ने ग्राम पंचायत एवं न्याय पंचायत स्तर पर खुली बैठकें आयोजित कर उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी देने की मांग की।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिलाध्यक्ष राधेश्याम मौर्य, सचिव गुरुप्रसाद, कल्याणपुर ब्लॉक अध्यक्ष राज्यपाल, ग्राम अध्यक्ष राकेश सिंह, तहसील अध्यक्ष हरिओम कुशवाहादिनेश शुक्ला, प्रमोद शुक्ला, रामनाथ शर्मा, वीरेंद्र कुमार, राजेंद्र कुमार और संतोष कुमार समेत संघ के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments