HomeNEWSविश्व पर्यटन दिवस पर ‘पर्यटन मंथन’ का शुभारंभ, कानपुर के पर्यटन विकास...

विश्व पर्यटन दिवस पर ‘पर्यटन मंथन’ का शुभारंभ, कानपुर के पर्यटन विकास पर हुआ मंथन

एलेन फॉरेस्ट जू में जुटे पर्यटन विशेषज्ञ, शिक्षाविद और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि; टूरिज्म क्लब, डिजिटल ब्रोशर और कानपुर दर्शन बस सेवा शुरू करने समेत कई सुझाव सामने आए

  • सौम्या पाण्डेय

कानपुर नगर। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर सोसाइटी फॉर टूरिज्म डेवलपमेंट एवं ‘मुस्कुराए कानपुर’ के संयुक्त तत्वावधान में एलेन फॉरेस्ट जू में ‘पर्यटन मंथन’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉल्फिन डेवलपर्स के प्रबंध निदेशक आनंद गुप्ता, पर्यटन विशेषज्ञ डॉ. सिधांशु राय, फॉरेस्ट ऑफिसर फिरोज खान, अजय सिंह एवं रोचक रोहतगी ने किया।

शिक्षाविद एवं पर्यटन विशेषज्ञ डॉ. सिधांशु राय ने कहा कि स्कूलों में टूरिज्म क्लब बनाए जाएंगे। प्रत्येक स्कूल में टूरिज्म एंबेसडर और विभिन्न संस्थाओं में पर्यटन मित्र बनाए जाने का प्रस्ताव रखा गया, ताकि कानपुर की विरासत और पर्यटन स्थलों की जानकारी देश-दुनिया तक पहुंचाई जा सके। उन्होंने कहा कि कानपुर के समग्र विकास में पर्यटन महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

फॉरेस्ट ऑफिसर फिरोज खान ने कहा कि चिड़ियाघर को इको-टूरिज्म के केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। वहीं, फॉरेस्ट ऑफिसर अजय सिंह ने बच्चों को प्रकृति के महत्व से जोड़ने पर जोर दिया।

सोसाइटी फॉर टूरिज्म डेवलपमेंट के उपाध्यक्ष आनंद गुप्ता ने कानपुर पर्यटन के लिए क्यूआर कोड आधारित डिजिटल ब्रोशर तैयार करने का सुझाव दिया। इसमें पर्यटन स्थलों, घाटों, मंदिरों, फूड स्ट्रीट और होटलों सहित विभिन्न सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराने की बात कही गई।

टूरिज्म क्लब और टूरिज्म टॉक पर जोर

मंथन के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विशेषज्ञों ने कानपुर के पर्यटन विकास को लेकर अपने सुझाव साझा किए। संस्थापक सदस्य रोचक रोहतगी एवं स्वयं नंदा ने नियमित ‘टूरिज्म टॉक’ आयोजित करने का सुझाव दिया, जिसमें इतिहासकार, कलाकार, शिक्षाविद, फोटोग्राफर और यूट्यूबर लगातार संवाद कर सकें।

शिक्षाविद पीसी अग्निहोत्री एवं अमित अग्रवाल ने अपने-अपने स्कूलों में टूरिज्म क्लब स्थापित करने की घोषणा की। इतिहासकार गोपाल खन्ना एवं विनोद टंडन ने चिड़ियाघर में कानपुर की कलाकृतियों पर आधारित संग्रहालय स्थापित करने का सुझाव दिया।

‘मुस्कुराए कानपुर’ के राजेश ग्रोवर एवं अखिल त्यागी ने साप्ताहिक ‘कानपुर दर्शन’ बस यात्रा शुरू करने की बात रखी। वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. पंकजा पांडे एवं सचिव डॉ. कामायनी शर्मा ने कानपुर की संस्कृति को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित करने पर जोर दिया।

समाजसेवी दिनेश वाष्र्णेय एवं बिरजू ने कानपुर महोत्सव और बिठूर महोत्सव को नए स्वरूप में आयोजित करने का सुझाव दिया। सीमा निगम एवं अनूप द्विवेदी ने कानपुर के पर्यटन विकास के लिए तीन वर्ष का पर्यटन रोडमैप तैयार करने की आवश्यकता बताई।

टूरिज्म वॉक का भी हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम के दौरान डॉ. हेमंत मोहन एवं डॉ. पंकजा पांडे ने टूरिज्म वॉक का शुभारंभ किया। इस्कॉन मंदिर के प्रतिनिधि ने कानपुर को ‘सिटी ऑफ हैप्पीनेस’ के रूप में स्थापित करने का सुझाव दिया।

कार्यक्रम का संयोजन स्वयं नंदा ने किया, जबकि संचालन बृजेश शर्मा ‘बिरजू’ ने किया। इस अवसर पर डॉ. हेमंत मोहन, मीडिया प्रभारी दिनेश वाष्र्णेय, आरिफ मार्टिन, शाहिद कामरान, श्री गोपाल तुलस्यान, डॉ. आरती मोहन, निखिल सचान, विपुल जैन, अवलि शुक्ला, नीलोफर जमीर, पंकज शर्मा, वैष्णवी, अंगिरा सहित राइडर्स क्लब और घुमक्कड़ क्लब के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम में रोचक रोहतगी ने कहा कि टूरिज्म टॉक के माध्यम से कानपुर पर्यटन के विकास का मॉडल तैयार करने की दिशा में लगातार संवाद किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments