3-4 अक्टूबर को भीलवाड़ा में होगा 27वां राष्ट्रीय बालसाहित्य संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह, 11 हजार रुपये की सम्मान राशि समेत मिलेगा स्मृति चिह्न, शॉल एवं श्रीफल
- अमित कुमार
उदयपुर। वरिष्ठ साहित्यकार एवं त्रिसुगंधि साहित्य, कला एवं संस्कृति संस्थान, उदयपुर की संस्थापक-अध्यक्ष आशा पाण्डेय ओझा ‘आशा’ का चयन प्रतिष्ठित ‘गंगा दुलारी शुक्ला स्मृति बाल साहित्य पुरस्कार’ के लिए किया गया है। उन्हें यह सम्मान ‘बालवाटिका’ मासिक की ओर से आयोजित 27वीं राष्ट्रीय बालसाहित्य संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह-2026 में प्रदान किया जाएगा।
‘बालवाटिका’ के संपादक एवं कार्यक्रम के आयोजक वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. भैरूंलाल गर्ग ने बताया कि दो दिवसीय राष्ट्रीय बालसाहित्य संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन 3 एवं 4 अक्टूबर 2026 को विनायक विद्यापीठ, भुनास, जिला भीलवाड़ा (राजस्थान) में किया जाएगा।
समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से बाल साहित्यकार शामिल होंगे। इस अवसर पर चयनित साहित्यकारों को उनके साहित्यिक योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। आशा पाण्डेय ओझा को सम्मान के साथ 11,000 रुपये की सम्मान राशि, स्मृति चिह्न, शॉल एवं श्रीफल प्रदान किया जाएगा।
आशा पाण्डेय ओझा पिछले चार दशकों से साहित्य-सृजन के क्षेत्र में सक्रिय हैं। विभिन्न साहित्यिक विधाओं में उनकी अब तक 13 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। उनकी रचनाएँ 40 से अधिक साझा काव्य एवं साहित्यिक संकलनों में प्रकाशित हुई हैं।
उनकी अनेक रचनाओं का उर्दू, पंजाबी, उड़िया, गुजराती, भोजपुरी और नेपाली सहित कई भाषाओं में अनुवाद भी हो चुका है। साहित्य के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें अब तक विभिन्न साहित्यिक एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा 200 से अधिक सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।
आशा पाण्डेय ओझा ने देश-विदेश में आयोजित अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक संगोष्ठियों, सम्मेलनों और साहित्यिक आयोजनों में सक्रिय सहभागिता की है। बाल साहित्य, कविता, गीत, ग़ज़ल, साक्षात्कार, छंद और कहानी सहित साहित्य की विभिन्न विधाओं में उनका लेखन निरंतर जारी है।
साहित्यिक गतिविधियों के साथ-साथ उन्होंने साहित्य, कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में संस्थागत स्तर पर भी उल्लेखनीय कार्य किया है। त्रिसुगंधि साहित्य, कला एवं संस्कृति संस्थान के माध्यम से उनकी साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी रही है।


