छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराध से बचाव के बताए उपाय; 112 और 1930 हेल्पलाइन की दी जानकारी
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। कल्याणपुर स्थित नरेंद्र सरस्वती इंटर कॉलेज, पुराना शिवली रोड में गुरुवार को मिशन शक्ति एवं साइबर अपराध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और आपात स्थिति में पुलिस सहायता प्राप्त करने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
मिशन शक्ति प्रभारी उपनिरीक्षक रुचि कुशवाहा ने छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने महिला अपराधों से बचाव के उपायों के साथ विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी या खतरा महसूस होने पर तत्काल पुलिस की सहायता लेनी चाहिए।
कल्याणपुर थाने में तैनात उपनिरीक्षक भानु प्रताप गौतम एवं उपनिरीक्षक रोहित कुमार दुबे ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि अनजान लिंक पर क्लिक करने, ओटीपी या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा करने, फर्जी कॉल पर भरोसा करने तथा सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से संपर्क में सावधानी न बरतने के कारण लोग साइबर ठगी का शिकार हो सकते हैं।

112 में तैनात महिला कांस्टेबल पूनम भारती ने छात्र-छात्राओं को आपात स्थिति में 112 नंबर के उपयोग और पुलिस सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम में डिजिटल अरेस्ट, फर्जी बिजली बिल, पार्ट टाइम जॉब के नाम पर ठगी, डेटिंग ऐप, फर्जी गेमिंग ऐप, व्हाट्सऐप स्कैम और वॉइस स्कैम सहित साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी गई। साथ ही साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने तथा cybercrime.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने के बारे में बताया गया।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह देते हुए “रुकें, सोचें और फिर कार्रवाई करें” का संदेश दिया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान सावधानी बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने के लिए जागरूक किया गया।


