
अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर डीएम, एसपी, सीडीओ, एमएलसी और विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव ने बुजुर्गों को अंगवस्त्र, फल व मिठाई भेंट कर किया सम्मानित
- आशीष तिवारी
कानपुर देहात। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर रनिया स्थित वृद्धाश्रम में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी कपिल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय, एमएलसी अविनाश सिंह चौहान और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नूपुर श्रीवास्तव शामिल हुए।
अधिकारियों ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों को अंगवस्त्र, फल और मिठाई भेंट कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के रहन-सहन, स्वास्थ्य सुविधाओं और उपलब्ध व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
रनिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल भसीन और उनकी टीम ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों की स्वास्थ्य जांच की। स्वास्थ्य कर्मियों ने बुजुर्गों की आवश्यक जांच कर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी ली।
इस अवसर पर जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि वृद्धजन समाज की अनमोल धरोहर हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन का समाज में महत्वपूर्ण स्थान है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और उनकी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण और सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाती है।
कार्यक्रम में वृद्धाश्रम संचालक राजेंद्र सिंह ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान तहसीलदार पवन कुमार, अधिशासी अधिकारी मनीष राय, वृद्धाश्रम कर्मचारी ऋषभ तिवारी, रामजी दुबे, एसडी काला सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान बुजुर्गों के बीच अधिकारियों की मौजूदगी और सम्मान से आत्मीय माहौल देखने को मिला। अधिकारियों ने बुजुर्गों का आशीर्वाद लेकर उनके सुखद एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।


