
कैम्ब्रिज स्कूल बर्रा में एमएलसी अरुण पाठक ने वितरित की यूनिफॉर्म, स्कूल किट और बैग, बोले- संसाधनों के अभाव में पीछे न रहे कोई बच्चा
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। सेवा संकल्प अभियान के तहत बर्रा स्थित कैम्ब्रिज स्कूल में विद्यार्थियों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कानपुर-उन्नाव स्नातक खंड क्षेत्र के एमएलसी अरुण पाठक ने बच्चों को यूनिफॉर्म, स्कूल किट और स्कूल बैग वितरित किए। शैक्षणिक सामग्री पाकर विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एमएलसी अरुण पाठक ने कहा कि बच्चों की शिक्षा में सहयोग करना समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति की जिम्मेदारी है। शिक्षा बच्चों के भविष्य को संवारने के साथ ही मजबूत और आत्मनिर्भर समाज की नींव तैयार करती है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद विद्यार्थियों तक आवश्यक शैक्षणिक संसाधन पहुंचाकर उनके आत्मविश्वास को बढ़ाया जा सकता है।
अरुण पाठक ने कहा कि सेवा के ऐसे प्रयास लगातार जारी रहने चाहिए, ताकि संसाधनों के अभाव में किसी भी बच्चे की पढ़ाई प्रभावित न हो। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद के लिए आगे आने की अपील की।

भाजपा कानपुर उत्तर के जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों तक आवश्यक सहायता पहुंचाकर उन्हें शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए जरूरी सामग्री उपलब्ध कराने से उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थी, शिक्षक एवं प्रबंधकगण उपस्थित रहे। यूनिफॉर्म, स्कूल किट और बैग मिलने पर विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल रहा।


