
डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी और एडीसीपी सेंट्रल डॉ. अरीबा नोमान ने महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर अर्पित की श्रद्धांजलि
- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर 2026 को पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी एवं अपर पुलिस उपायुक्त सेंट्रल डॉ. अरीबा नोमान ने पुलिस उपायुक्त दक्षिण कार्यालय, पराग डेयरी, निराला नगर, गोविंद नगर में दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया तथा सलामी दी।
इस अवसर पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्य, अहिंसा, कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं सादगी के मूल्यों को अपने आचरण में अपनाने की शपथ दिलाई गई। पुलिसकर्मियों को महात्मा गांधी के सत्य एवं अहिंसा के सिद्धांतों तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा के आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निष्पक्षता, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही आमजन के प्रति सम्मानपूर्ण एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने तथा पुलिस सेवा को जनसेवा के माध्यम के रूप में निभाने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महान विभूतियों के आदर्शों एवं सिद्धांतों को अपने जीवन और कार्यशैली में आत्मसात करने का संकल्प लिया।


