
केशव प्रसाद मौर्य ने कार्यकर्ताओं से सेवा संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का किया आह्वान, 13 कलाकारों ने मंच पर प्रस्तुत किए प्रधानमंत्री के जीवन से जुड़े प्रसंग
- अमित मिश्रा
कानपुर। टीएसएच प्रांगण में शुक्रवार को भाजपा कानपुर उत्तर जिले की ओर से ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ नाट्य मंचन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन से जुड़े संघर्ष, संकल्प, सेवा और राष्ट्र निर्माण के विभिन्न प्रसंगों को कलाकारों ने मंच पर जीवंत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर दो बजे वंदे मातरम् के गायन के साथ हुआ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से सेवा संकल्प माह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से सेवा, समर्पण और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का संकल्प लिया जा रहा है।
मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विभिन्न देशों की ओर से सर्वोच्च सम्मान दिए गए हैं। उन्होंने इसे वैश्विक स्तर पर भारत के बढ़ते प्रभाव से जोड़ते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत की भूमिका अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत हुई है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुरू किए गए स्वच्छता अभियान का भी उल्लेख किया। मौर्य ने कहा कि गांधी जयंती के अवसर पर शुरू हुआ स्वच्छता अभियान आज जन आंदोलन का रूप ले चुका है।
प्रयागराज में प्रधानमंत्री द्वारा स्वच्छता कर्मियों के पैर धोने की घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इससे स्वच्छता कर्मियों के सम्मान का संदेश देशभर में पहुंचा। उन्होंने कुंभ के दौरान स्वच्छता कर्मियों के योगदान की भी चर्चा की।

टी-स्टॉल से कच्छ भूकंप तक की कहानी
नाट्य मंचन में 13 कलाकारों की टीम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन से जुड़े अलग-अलग प्रसंगों को अभिनय के माध्यम से प्रस्तुत किया। गुजरात के शुरुआती दौर को दिखाने के लिए मंच पर टी-स्टॉल का दृश्य तैयार किया गया।
नाटक में कच्छ भूकंप के बाद गुजरात में हुए पुनर्निर्माण और विकास से जुड़े प्रसंगों को भी प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही कोविड-19 महामारी के दौरान देश के सामने आई चुनौतियों और उस दौर के प्रयासों को भी मंच पर दिखाया गया।
नाट्य प्रस्तुति के दौरान वंदे मातरम् की प्रस्तुति ने कार्यक्रम स्थल का माहौल देशभक्ति से भर दिया। ‘अंधेरा घना है, लेकिन दीपक जलाना कहां मना है’ जैसे संवादों पर दर्शकों ने तालियां बजाईं।
प्रस्तुति के दौरान कांग्रेस शासन के समय सामने आए कथित घोटालों का भी उल्लेख किया गया।

सेवा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील
केशव प्रसाद मौर्य ने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि सेवा संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाना और वंचित लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और उत्तर प्रदेश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कानपुर में भी विकास कार्यों की गति बढ़ने की बात कही।
मौर्य ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित और सशक्त भारत का निर्माण लक्ष्य है। उन्होंने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प का भी उल्लेख किया।
ये पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा कानपुर उत्तर के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने की। उन्होंने कार्यक्रम की प्रस्तावना रखी। संचालन अवधेश सोनकर और नवाब सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री शंकर लाल लोधी, महापौर प्रमिला पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, सांसद रमेश अवस्थी, प्रदेश मंत्री किरन निषाद, विधायक महेश त्रिवेदी, सुरेंद्र मैथानी, नीलिमा कटियार, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नीतू सिंह, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, शिवराम सिंह, रघुनंदन भदौरिया, महिला आयोग की सदस्य पूनम द्विवेदी समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में नागरिकों ने भी नाट्य मंचन देखा। कार्यक्रम की जानकारी भाजपा कानपुर उत्तर के जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई।


