गांधी भवन सभागार में महापुरुषों के आदर्शों पर हुई चर्चा, कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने चित्रों का अनावरण कर अर्पित की श्रद्धांजलि
- हरिओम गुप्ता
कानपुर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) कानपुर के गांधी भवन सभागार में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और छात्र मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने कहा कि महात्मा गांधी को पूरी दुनिया ‘बापू’ के नाम से जानती है। उनके विचार और सिद्धांत आज भी प्रासंगिक हैं तथा समाज को सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
कुलपति ने कहा कि महात्मा गांधी ने देश को स्वतंत्रता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि गांधी जी की जयंती को विश्व अहिंसा दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। उन्होंने महात्मा गांधी और भारत के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने पर जोर दिया।

इस अवसर पर कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों का अनावरण किया। इसके बाद दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी के प्रिय भजन ‘रघुपति राघव राजा राम’ के सुमधुर और गरिमापूर्ण गायन के साथ हुआ। भजन के दौरान सभागार में श्रद्धा और सम्मान का माहौल रहा।
कार्यक्रम में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, उनके संघर्ष, सादगी, देशभक्ति और सामाजिक मूल्यों पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि दोनों महापुरुषों के विचार आज की पीढ़ी के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं।
आयोजन का उद्देश्य विश्वविद्यालय के छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन मूल्यों से परिचित कराना और उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने दोनों महापुरुषों के सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया।


