HomeNEWSकानपुर उत्तर में बजेगा सेवा का शंखनाद, 7 अक्टूबर को निकलेगी ‘सेवा...

कानपुर उत्तर में बजेगा सेवा का शंखनाद, 7 अक्टूबर को निकलेगी ‘सेवा ज्योति कलश’ यात्रा

चारों विधानसभाओं से तिरंगे के साथ निकलेगा कार्यकर्ताओं का कारवां, फूलबाग में एलईडी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन

  • सौम्या पाण्डेय

कानपुर नगर। सेवा संकल्प अभियान के तहत भाजपा कानपुर उत्तर ने 7 अक्टूबर को प्रस्तावित ‘सेवा ज्योति कलश’ यात्रा को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यात्रा की तैयारियों और कार्यकर्ताओं की सहभागिता को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में तय किया गया कि जिले की चारों विधानसभाओं के प्रत्येक बूथ से कम से कम दो मोटरसाइकिलों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। विभिन्न मंडलों से निकलने वाली यात्राएं विधानसभा स्तर पर एकत्र होंगी और इसके बाद कार्यकर्ता तिरंगा लेकर फूलबाग मैदान की ओर रवाना होंगे।

फूलबाग मैदान में कार्यक्रम के दौरान बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी। यहां प्रातः 11:30 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सेवा संकल्प सभा के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। पार्टी पदाधिकारियों ने अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक को सांसद रमेश अवस्थी तथा विधायक नीलिमा कटियार और सुरेश अवस्थी ने भी संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से यात्रा को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

यात्रा की तैयारियों को लेकर बैठक का संचालन यात्रा संयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष शिवांग मिश्रा ने किया। वहीं यात्रा सह-संयोजक एवं जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

बैठक में जिला महामंत्री अभिनव दीक्षित, अवधेश सोनकर, जन्ममेय सिंह, सीमा एमबीए, वास्ते त्रिपाठी, पारस मदान, सुरेंद्र गुप्ता, विनोद पाल, मोनेन्द्र राजपूत, रीता पासवान, शालिनी कटियार, रमिंदर सिंह रिंकू, राधा सैनी, सुरेश गुप्ता और प्रभाकर अवस्थी सहित सभी मंडल अध्यक्ष एवं प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।

भाजपा जिला संगठन की ओर से यात्रा को सफल बनाने के लिए मंडल और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं से संपर्क कर उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments