किदवई नगर चौराहे पर अकेले मिले थे बच्चे, पिंक चौकी बाबूपुरवा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाया
हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। पिंक चौकी थाना बाबूपुरवा पुलिस ने किदवई नगर चौराहे पर अकेले और रास्ता भटकी अवस्था में मिले तीन नाबालिग बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की तत्परता के चलते बच्चों को समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
पुलिस के अनुसार, किदवई नगर चौराहे पर तीन नाबालिग बच्चे अकेले मिले। बच्चों को इस स्थिति में देखकर पुलिसकर्मियों ने तत्काल उनसे बातचीत की और उनके संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाई।
इसी दौरान बच्चों ने एक पुरुष द्वारा उनका पीछा किए जाने की जानकारी दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिसकर्मियों ने तत्काल सतर्कता बरती और तीनों बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
पूछताछ के दौरान बच्चों ने अपनी माता का मोबाइल नंबर पुलिस को उपलब्ध कराया। पुलिस ने तत्काल दिए गए नंबर पर संपर्क कर महिला को चौकी बुलाया।
चौकी पर पहुंची महिला ने अपना नाम गुड़िया पत्नी पप्पू बताया। उसने बताया कि वह वर्तमान में जंगली देवी मंदिर के पास, थाना बाबूपुरवा क्षेत्र में रहती है और उसका मूल पता ग्राम शाहपुर मल्लाह, पोस्ट शिवराजपुर, थाना शिवराजपुर, जनपद कानपुर नगर है।
महिला ने पुलिस को बताया कि वह काम की तलाश में बाहर गई थी। इसी दौरान बच्चे उसे ढूंढते हुए घर से बाहर निकल गए और रास्ता भटककर किदवई नगर चौराहे तक पहुंच गए।
पुलिस ने बच्चों की पहचान और उनकी माता के संबंध में आवश्यक पुष्टि करने के बाद तीनों नाबालिग बच्चों को उनकी माता के सकुशल सुपुर्द कर दिया।
पिंक चौकी थाना बाबूपुरवा पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता के चलते तीनों बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाया जा सका।


