HomeNEWSभाजपा प्रदेश नेतृत्व ने जारी की मीडिया संयोजकों की सूची, अनूप अवस्थी...

भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने जारी की मीडिया संयोजकों की सूची, अनूप अवस्थी बने कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के मीडिया संयोजक

2020 से सह मीडिया प्रभारी के रूप में संभाल रहे थे क्षेत्र की मीडिया गतिविधियों की जिम्मेदारी, नई नियुक्ति के बाद आवास पर बधाई देने वालों का लगा तांता

  • सौम्या पाण्डेय

कानपुर नगर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने संगठन के मीडिया विभाग में महत्वपूर्ण नियुक्तियों की घोषणा करते हुए प्रदेश के मीडिया संयोजकों, प्रदेश प्रवक्ताओं और मीडिया पैनलिस्टों की सूची जारी की है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी द्वारा जारी सूची के अनुसार भाजपा नेता एवं लंबे समय से संगठन के मीडिया विभाग में सक्रिय अनूप अवस्थी को भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र का मीडिया संयोजक नियुक्त किया गया है।

अनूप अवस्थी वर्ष 2020 से भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में सह मीडिया प्रभारी के रूप में संगठन की मीडिया गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न जिलों में पार्टी के कार्यक्रमों, अभियानों और संगठनात्मक गतिविधियों को मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचाने में उनकी भूमिका रही है।

प्रदेश नेतृत्व द्वारा जारी सूची में 31 प्रदेश प्रवक्ताओं और 25 मीडिया पैनलिस्टों के नाम भी शामिल किए गए हैं।

नई जिम्मेदारी मिलने के बाद कानपुर स्थित अनूप अवस्थी के आवास पर बधाई देने वालों का सिलसिला शुरू हो गया। भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं, मीडिया जगत से जुड़े लोगों और शुभचिंतकों ने उन्हें फोन तथा व्यक्तिगत रूप से पहुंचकर शुभकामनाएं दीं।

नवीन दायित्व मिलने पर अनूप अवस्थी ने प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन्हें जो विश्वास और जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा, प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठन के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाना मीडिया विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

अनूप अवस्थी ने कहा, “मैं प्रदेश नेतृत्व, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी तथा क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू एवं संगठन के सभी वरिष्ठ नेताओं का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। पार्टी ने जो नई जिम्मेदारी दी है, वह मेरे लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जवाबदेही भी है। संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी ऊर्जा और निष्ठा के साथ कार्य करूंगा।”

उन्होंने कहा कि कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र संगठन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। क्षेत्र के सभी जिलों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर पार्टी की गतिविधियों एवं संगठन के अभियानों को मीडिया के माध्यम से व्यापक स्तर पर जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने आगे कहा कि मीडिया विभाग संगठन और समाज के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। उनका प्रयास रहेगा कि भाजपा के संगठनात्मक कार्यों, जनसेवा के अभियानों और सरकार की उपलब्धियों को तथ्यात्मक, प्रभावी और समयबद्ध तरीके से जनता तक पहुंचाया जाए।

अनूप अवस्थी की नई जिम्मेदारी पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि उनका लंबे समय का संगठनात्मक एवं मीडिया अनुभव क्षेत्र के मीडिया विभाग के लिए उपयोगी साबित होगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments