HomeNEWSप्रकाश पाल एवं गोपी कृष्ण पाण्डेय को राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर...

प्रकाश पाल एवं गोपी कृष्ण पाण्डेय को राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर भाजपा कानपुर उत्तर में हर्ष

कानपुर-बुंदेलखंड से जुड़े दोनों वरिष्ठ संगठनात्मक नेताओं को राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर कार्यकर्ताओं में उत्साह, जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित एवं मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने जताया शीर्ष नेतृत्व का आभार

  • सौम्या पाण्डेय

कानपुर नगर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा वरिष्ठ संगठनात्मक कार्यकर्ता प्रकाश पाल एवं गोपी कृष्ण पाण्डेय को उत्तर प्रदेश से राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर भाजपा कानपुर उत्तर जिला संगठन में हर्ष व्यक्त किया गया। जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित एवं जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने दोनों नेताओं के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया।

जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि भाजपा का चरित्र ही ऐसा है कि वर्षों तक संगठन और विचारधारा के लिए निष्ठापूर्वक कार्य करने वाले समर्पित कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान और जिम्मेदारी प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि प्रकाश पाल ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक एवं प्रचारक के रूप में अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की। इसके बाद भाजपा संगठन में संगठन मंत्री सहित विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करते हुए उन्होंने प्रदेश उपाध्यक्ष, कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष तथा वर्तमान में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में संगठन को मजबूत करने में योगदान दिया।

गोपी कृष्ण पाण्डेय की संगठनात्मक यात्रा

जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने कहा कि गोपी कृष्ण पाण्डेय की राजनीतिक एवं संगठनात्मक यात्रा भी पार्टी के प्रति समर्पण और निरंतर संघर्ष की मिसाल रही है। बाल स्वयंसेवक के रूप में राष्ट्रवादी विचारधारा से जुड़े गोपी कृष्ण पाण्डेय ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, बजरंग दल तथा हिंदू जागरण मंच में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया।

उन्होंने बताया कि वर्ष 1997 में गोपी कृष्ण पाण्डेय को भाजपा युवा मोर्चा उत्तर प्रदेश का उपाध्यक्ष तथा वर्ष 2000 में उत्तर प्रदेश किसान मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया। इसके बाद किसान मोर्चा की राष्ट्रीय टीम में रहते हुए उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में पार्टी संगठन को मजबूत करने का कार्य किया।

कार्यकर्ताओं में उत्साह

अनुराग शर्मा ने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता का परिश्रम और संगठन के प्रति समर्पण ही उसकी सबसे बड़ी पहचान है। प्रकाश पाल एवं गोपी कृष्ण पाण्डेय को राज्यसभा प्रत्याशी बनाया जाना इसी कार्यकर्ता-आधारित संगठनात्मक संस्कृति का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं को राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने से कानपुर-बुंदेलखंड सहित पूरे प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह और नई ऊर्जा का संचार हुआ है। कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं को शुभकामनाएं देते हुए पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments