HomeNEWSमिशन निडर ने यूनाइटेड पब्लिक स्कूल में आयोजित की साइबर सुरक्षा कार्यशाला

मिशन निडर ने यूनाइटेड पब्लिक स्कूल में आयोजित की साइबर सुरक्षा कार्यशाला

साइबर जागरूकता माह के तहत विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के तरीके बताए, सम्राट वर्मा और निम्शा इमरान बने ‘मिशन निडर वॉरियर’

  • सौम्या पाण्डेय

कानपुर नगर। साइबर जागरूकता माह के अंतर्गत मिशन निडर की ओर से सिविल लाइंस स्थित यूनाइटेड पब्लिक स्कूल में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम संवादात्मक रहा, जिसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सक्रिय रूप से सवाल-जवाब कर साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

कार्यशाला में इंटरनेशनल साइबर एक्सपर्ट शिवम मालवीय ने विद्यार्थियों को यूपीआई फ्रॉड, ओटीपी घोटाले, साइबर बुलिंग, हैकिंग और फिशिंग लिंक जैसे साइबर खतरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डिजिटल लेनदेन के दौरान सतर्कता बरतना, अपना ओटीपी और गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करना तथा अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचना बेहद जरूरी है।

उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल करने के तरीके भी बताए। साथ ही साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने पर सहायता के लिए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को ऑनलाइन दुनिया में सुरक्षित रहने और साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने के लिए जागरूक करना रहा।

सम्राट वर्मा और निम्शा इमरान बने ‘मिशन निडर वॉरियर’

कार्यशाला में बेहतर सहभागिता और सक्रिय भागीदारी के लिए सम्राट वर्मा और निम्शा इमरान को ‘मिशन निडर वॉरियर’ के रूप में सम्मानित किया गया। इस सम्मान के माध्यम से विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और अपने आसपास के लोगों को भी डिजिटल खतरों से बचाव के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।

बच्चों को डिजिटल वॉरियर बनाना मिशन निडर का उद्देश्य

मिशन निडर की संस्थापक शिखा शुक्ला ने कहा कि संस्था का उद्देश्य बच्चों को साइबर खतरों के प्रति जागरूक कर उन्हें डिजिटल वॉरियर बनाना है, ताकि वे स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखने में योगदान दे सकें। उन्होंने डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा की जानकारी को विद्यार्थियों के लिए आवश्यक बताया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या ज्योति दास ने मिशन निडर के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को साइबर अपराधों और ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति जागरूक करने वाले ऐसे कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं। इससे बच्चे डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल अधिक सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कर सकते हैं।

कार्यक्रम का समापन मिशन निडर टीम की सदस्य प्रतिमा गुप्ता ने किया। इस अवसर पर तुलिका मित्रा भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का सफल समन्वय विद्यालय की एक्टिविटी कोऑर्डिनेटर अमिता जोशी ने किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments