
विधायक अमिताभ बाजपेई की पहल पर बना वातानुकूलित महिला प्रतीक्षालय, उनकी माताजी डॉ. ऊषा बाजपेई ने किया लोकार्पण
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि के अवसर पर आर्यनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अमिताभ बाजपेई द्वारा जिला महिला अस्पताल (डफरिन), कानपुर में बनवाए गए वातानुकूलित महिला प्रतीक्षालय का लोकार्पण किया गया। विधायक की माताजी डॉ. ऊषा बाजपेई ने फीता काटकर प्रतीक्षालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर अस्पताल के सभी वार्डों में मरीजों और तीमारदारों के लिए स्वल्पाहार भी वितरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विधायक अमिताभ बाजपेई ने अपनी माताजी डॉ. ऊषा बाजपेई को अस्पताल में पूर्व में उनके द्वारा बनवाए गए नवजात शिशु गहन चिकित्सा केंद्र (NICU) का निरीक्षण कराया। इस दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं और चिकित्सा सुविधाओं का भी जायजा लिया गया। महिला प्रतीक्षालय का निर्माण अस्पताल आने वाली महिलाओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कराया गया है।
डफरिन अस्पताल से विधायक अमिताभ बाजपेई का विशेष भावनात्मक जुड़ाव है। उनका जन्म इसी अस्पताल में हुआ था। ऐसे में मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर अपनी माताजी के हाथों महिला प्रतीक्षालय का लोकार्पण कराना और उन्हें NICU का निरीक्षण कराना उनके लिए भावनात्मक रूप से महत्वपूर्ण अवसर रहा।

इस अवसर पर अस्पताल के विभिन्न वार्डों में स्वल्पाहार वितरण कर मरीजों के प्रति सेवा और सहयोग का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने महिला प्रतीक्षालय को अस्पताल आने वाली महिलाओं के लिए उपयोगी सुविधा बताया।
कार्यक्रम में श्रीमती वंदना बाजपेई, नीलम रोमिला सिंह, दीपा यादव, दीपिका मिश्रा, मोहम्मद सारिया, दिनेश शुक्ला, आकाश सिंह, चंकी गुप्ता, कीर्तिमान अवस्थी, दुर्गेश चक, विकास मौर्य, दिलीप यादव और आकाश यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


