
रावतपुर में देव आमंत्रण शोभायात्रा के शुभारंभ कार्यक्रम में हुए शामिल, पनकी में दुर्गा पूजा पंडाल और मेला क्षेत्र का किया निरीक्षण
- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। शारदीय नवरात्र एवं दशहरा पर्व के मद्देनजर कानपुर कमिश्नरेट पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट है। रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को पुलिस उपायुक्त पश्चिम श्री एस.एम. कासिम आबिदी ने रावतपुर थाना क्षेत्र में आयोजित देव आमंत्रण शोभायात्रा के शुभारंभ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
इसके बाद डीसीपी पश्चिम ने पनकी थाना क्षेत्र में स्थित दुर्गा पूजा पंडाल और मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महिला सुरक्षा, श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ नियंत्रण पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही मेला क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए गए।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नवरात्र और दशहरा पर्व के दौरान पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।


