HomeNEWSगोविंदनगर विधानसभा में 8.50 करोड़ की सड़कों का भूमि पूजन, जल्द शुरू...

गोविंदनगर विधानसभा में 8.50 करोड़ की सड़कों का भूमि पूजन, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य

कानपुर के रविदासपुरम वार्ड में महापौर प्रमिला पांडेय, विधायक सुरेंद्र मैथानी और पार्षद कविता वीरेंद्र चौहान ने किया शिलान्यास, जर्जर सड़कों और जलभराव की समस्या से राहत दिलाने पर जोर

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। गोविंदनगर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या 09 रविदासपुरम में सड़क निर्माण कार्यों को लेकर भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से 8.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली प्रमुख सड़कों के निर्माण कार्य का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम में कानपुर की महापौर प्रमिला पांडेय, गोविंदनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र मैथानी और स्थानीय पार्षद कविता वीरेंद्र चौहान ने संयुक्त रूप से भूमि पूजन कर निर्माण कार्यों की शुरुआत की। इन सड़क परियोजनाओं से क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

इस अवसर पर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि क्षेत्र की जनता को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि जर्जर सड़कों और जलभराव जैसी समस्याओं से लोगों को राहत दिलाने के लिए विकास कार्य कराए जा रहे हैं।

विधायक ने बताया कि वार्ड संख्या 09 के अंतर्गत प्रमुख संपर्क मार्गों का 8.50 करोड़ रुपये की लागत से कायाकल्प किया जाएगा। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए और गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि स्थानीय नागरिकों को लंबे समय तक बेहतर सड़क सुविधा मिल सके।

भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने को लेकर चर्चा हुई। कार्यक्रम में अनुज कुशवाहा, के.एल. कुशवाहा, सोनू कुमार, रमेश चंद्र, दिनेश सिंह, सुषमा, नेहा कुशवाहा, जाग्रति और शिवानी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments