
महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सरकारी योजनाओं एवं हेल्पलाइन की दी जानकारी, एंटी रोमियो टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की
- ऋषभ कुमार
कानपुर नगर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिशन शक्ति फेज-6 अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत 14 अक्टूबर 2026 को जूही दक्षिण जोन, कानपुर नगर की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम द्वारा जागरूकता एवं चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान थाना क्षेत्र के विभिन्न तिराहों एवं चौराहों पर भ्रमण कर छात्राओं, महिलाओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा, नारी स्वावलंबन एवं महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, 1076, 1098, 112 एवं 181 सहित विभिन्न आपातकालीन सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार की समस्या या आपात स्थिति में संबंधित हेल्पलाइन के माध्यम से सहायता प्राप्त की जा सकती है। साथ ही, महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस की मदद लेने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस टीम ने यूपी कॉप (UPCOP) ऐप के माध्यम से उपलब्ध जनसुविधाओं की जानकारी भी दी। इसके अतिरिक्त व्हाट्सएप, ट्विटर, फेसबुक एवं इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग के संबंध में जागरूक किया गया। महिलाओं एवं बालिकाओं को ऑनलाइन धोखाधड़ी तथा साइबर अपराधों से बचने के लिए सतर्क रहने और किसी भी समस्या की स्थिति में उचित माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
अभियान के अंतर्गत मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और निराश्रित महिला पेंशन योजना सहित विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया गया। इसके साथ ही कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न से संरक्षण अधिनियम एवं घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम की जानकारी देकर महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
वहीं, एंटी रोमियो टीम द्वारा थाना क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की गई। टीम ने सार्वजनिक स्थानों पर सतर्कता बरतते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए।
पुलिस के इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत करना, उन्हें सरकारी योजनाओं एवं कानूनी अधिकारों की जानकारी देना तथा महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।


