कानपुर देहात में पांच सर्किलों में आयोजित हुए परिवार परामर्श केंद्र, आपसी संवाद और काउंसलिंग से सुलझाए गए पारिवारिक विवाद
- आशीष तिवारी
कानपुर देहात। पारिवारिक विवादों को आपसी बातचीत और सहमति से सुलझाकर रिश्तों को टूटने से बचाने के उद्देश्य से कानपुर देहात पुलिस की ओर से परिवार जागृति पहल चलाई जा रही है। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में 18 अक्टूबर 2026 को जिले के पांच सर्किलों में विकेन्द्रीकृत परिवार परामर्श केंद्रों का आयोजन किया गया। इस दौरान काउंसलिंग के माध्यम से 10 परिवारों के विवादों का आपसी सहमति से समाधान कराया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अकबरपुर पुलिस लाइन, रसूलाबाद सर्किल के थाना शिवली, डेरापुर, भोगनीपुर और सिकंदरा में परिवार जागृति केंद्र आयोजित किए गए। यहां प्रशिक्षित महिला परामर्शदाताओं, महिला सुरक्षा दल और संबंधित पुलिस अधिकारियों ने पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों की सुनवाई की। दोनों पक्षों को अपनी बात रखने का अवसर देते हुए आपसी संवाद के जरिए विवाद सुलझाने का प्रयास किया गया।
काउंसलिंग के दौरान दोनों पक्षों को निष्पक्ष और संवेदनशील वातावरण उपलब्ध कराया गया। परामर्शदाताओं ने धैर्यपूर्वक उनकी समस्याएं सुनीं और आपसी समझ विकसित करने के लिए प्रेरित किया। इस पहल के सकारात्मक परिणाम सामने आए। अकबरपुर सर्किल में चार, डेरापुर में चार, भोगनीपुर में एक और सिकंदरा में एक परिवार के बीच आपसी सहमति से समझौता कराया गया। इस तरह कुल 10 परिवारों के विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान हुआ।
वहीं, जिन मामलों में अभी समाधान नहीं हो सका, उनमें काउंसलिंग की प्रक्रिया जारी रखते हुए अगली तारीख निर्धारित की गई है। पुलिस का प्रयास है कि पारिवारिक समस्याओं का निस्तारण जल्दबाजी के बजाय संवाद, आपसी समझ और मानवीय दृष्टिकोण के आधार पर किया जाए, ताकि विवादों को बढ़ने से रोका जा सके।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देश पर संचालित परिवार जागृति पहल का उद्देश्य पारिवारिक विवादों का संवेदनशील तरीके से समाधान कर परिवारों में संवाद और विश्वास बहाल करना है। इस पहल के माध्यम से रिश्तों में आई दूरियों को कम करने, सामाजिक समरसता मजबूत करने और परिवारों को आपसी सहमति से विवाद सुलझाने का अवसर देने का प्रयास किया जा रहा है।


