HomeNEWSकिसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए...

किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सीएसए विश्वविद्यालय के कुलपति व केवीके सम्मानित

लखनऊ में आयोजित सम्मान समारोह में कृषि प्रसार, किसान प्रशिक्षण और आधुनिक तकनीकों के प्रसार में योगदान को मिली सराहना

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर के कुलपति डॉ. संजीव कुमार गुप्ता को कृषि प्रसार, किसान प्रशिक्षण, नवीन कृषि तकनीकों के प्रचार-प्रसार और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद (उपकार) के स्थापना दिवस के अवसर पर भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान, लखनऊ के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर उपकार के महानिदेशक डॉ. संजय सिंह ने कुलपति को सम्मानित किया।

विश्वविद्यालय के अधीन संचालित कृषि विज्ञान केंद्र, दिलीप नगर, कानपुर देहात के प्रभारी डॉ. अजय कुमार सिंह और कृषि विज्ञान केंद्र, फतेहपुर की प्रभारी डॉ. साधना वैश्य को भी सम्मानित किया गया। दोनों को अपने-अपने जनपदों में किसानों तक आधुनिक कृषि तकनीक पहुंचाने, उनकी आय बढ़ाने तथा समय-समय पर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के क्षेत्र में किए गए कार्यों के लिए सम्मान मिला।

समारोह में गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता, उत्तर प्रदेश के कृषि विभाग के प्रमुख सचिव एमके शन्नमुगा सुंदरम, उपकार के महानिदेशक डॉ. संजय सिंह, उपकार के अध्यक्ष डॉ. विकास गुप्ता सहित अन्य अतिथियों ने कृषि विज्ञान केंद्रों के योगदान की सराहना की।

कृषि विज्ञान केंद्रों के माध्यम से किसानों को आधुनिक खेती की तकनीकों, कृषि संबंधी नवाचारों और वैज्ञानिक तरीकों की जानकारी दी जाती है। इन प्रयासों का उद्देश्य किसानों को बेहतर कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए प्रेरित करना, उत्पादन क्षमता में सुधार करना और उनकी आय बढ़ाने में सहयोग देना है।

सम्मान प्राप्त होने पर चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों, अधिकारियों और कृषि विज्ञान केंद्रों के वैज्ञानिकों में हर्ष का माहौल है। विश्वविद्यालय परिवार ने इसे कृषि शिक्षा, अनुसंधान, प्रसार और किसान कल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना के रूप में देखा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments