HomeNEWS‘टैलेंट 2.0’ में दिव्यांग और सामान्य बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, समाजसेवियों को...

‘टैलेंट 2.0’ में दिव्यांग और सामान्य बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, समाजसेवियों को किया गया सम्मानित

मारुति फाउंडेशन एवं हेरिटेज इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में रायपुर में गायन-नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन, साइबर अपराधों से बचाव के प्रति भी किया गया जागरूक

  • मेघा तिवारी

रायपुर (छत्तीसगढ़)। मारुति फाउंडेशन एंड हेरिटेज इंडिया के तत्वावधान में आयोजित ‘टैलेंट 2.0’ गायन एवं नृत्य प्रतियोगिता में दिव्यांग और सामान्य बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में 6 से 20 वर्ष तक के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों की छिपी प्रतिभा को पहचानकर उन्हें उचित मंच प्रदान करना, आत्मविश्वास बढ़ाना तथा समाज में समान अवसर और समावेशिता को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता फाउंडेशन की अध्यक्ष मेघा तिवारी ने की। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने के अवसर दिए जा सकते हैं। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपायों की जानकारी भी दी।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा ने दिव्यांग एवं सामान्य बच्चों को समान अवसर उपलब्ध कराने और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं, विशिष्ट अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें अपनी क्षमताओं को पहचानने का अवसर प्रदान करते हैं।

इस अवसर पर विख्यात शल्य कैंसर विशेषज्ञ डॉ. सुजन कुमार वाणी की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में गौ रक्षा एवं गौसेवा के क्षेत्र में सक्रिय विक्रांत शर्मा और उमेश बिसेन तथा राष्ट्र बजरंग दल के जिलाध्यक्ष रवि हिन्दुस्तानी को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराने वाली सोनल शर्मा को भी सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में बजरंग दल के संस्थापक एवं पूर्व प्रदेश संयोजक दीपक दुबे, प्रांत मंत्री अशोक दुल्हानी, राष्ट्र बजरंग दल के प्रदेश संयोजक भीम साहू, छत्तीसगढ़ बजरंग दल के प्रदेश संयोजक विजेंद्र वर्मा, विश्व हिंदू परिषद के प्रदेश संयोजक योगेश सैनी तथा राष्ट्र बजरंग दल के दक्षिण विधानसभा अध्यक्ष बंटी बजाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों का सम्मान किया गया।

सहयोगी संस्थानों का रहा विशेष योगदान

इस आयोजन को सफल बनाने में ITSA HOSPITAL, RADIANT HOSPITAL, EXPERTEETH LUXE, DR. NEHA’S EYE CARE, PINK N WHITE HOSPITAL और LITTLE GEM SCHOOL का विशेष सहयोग रहा। इसके अलावा कोपल वाणी, अर्पण दिव्यांग पब्लिक स्कूल प्रबंधन, तनुश्री दास एवं विवेक तिवारी ने भी आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों की प्रतिभा को परखा

गायन एवं नृत्य प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में छायांकन निर्देशक रोनी चंदेल, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता नृत्यांगना एकता पंसारी, छत्तीसगढ़ आइडल संदीप रॉय जाधव, समाजसेविका नेहा पांडेय तथा गायिका एवं आध्या शक्ति महिला मंच की अध्यक्ष श्वेता घुरई शामिल रहीं।

हेरिटेज इंडिया की ओर से सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

समानता और समावेशिता का दिया संदेश

‘टैलेंट 2.0’ के माध्यम से दिव्यांग एवं सामान्य बच्चों को एक साझा मंच प्रदान कर समाज में समानता, समावेशिता और सामाजिक सहभागिता का प्रेरणादायक संदेश दिया गया। कार्यक्रम में बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता फैलाने और समाजसेवियों के योगदान को सम्मानित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि प्रतिभा किसी शारीरिक या सामाजिक सीमा की मोहताज नहीं होती। उचित अवसर और प्रोत्साहन मिलने पर हर बच्चा अपनी पहचान बना सकता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments