HomeNEWSसरदार पटेल की 151वीं जयंती पर वाहिनी परिसर में मनाया गया राष्ट्रीय...

सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर वाहिनी परिसर में मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस

सेनानायक बी.बी. चौरसिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना की ‘रन फॉर यूनिटी’ हाफ मैराथन, पुलिस मॉडर्न स्कूल के बच्चों ने निकाला फ्लैग मार्च; अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ली राष्ट्रीय एकता की शपथ

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। भारत की एकता और अखंडता के शिल्पकार लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में वाहिनी परिसर में राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर सेनानायक बी.बी. चौरसिया की उपस्थिति में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता, संप्रभुता और देशभक्ति का संदेश दिया गया।

रन फॉर यूनिटी हाफ मैराथन को दिखाई हरी झंडी

कार्यक्रम का शुभारंभ ‘रन फॉर यूनिटी’ हाफ मैराथन से हुआ। राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सेनानायक बी.बी. चौरसिया ने प्रातः बैडमिंटन हॉल परिसर से हाफ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस आयोजन में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

इसी क्रम में पुलिस मॉडर्न स्कूल के बच्चों द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। बच्चों ने अनुशासन और उत्साह के साथ मार्च में भाग लेकर राष्ट्रीय एकता एवं देशभक्ति का संदेश दिया।

सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि

इसके बाद सेनानायक महोदय ने वाहिनी मनोरंजन गृह में स्थापित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण, देशी रियासतों के एकीकरण और राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने में दिए गए ऐतिहासिक योगदान को याद किया गया।

अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ली राष्ट्रीय एकता की शपथ

कार्यक्रम के दौरान सेनानायक बी.बी. चौरसिया ने वाहिनी के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। सभी ने देश की आंतरिक सुरक्षा, एकता, अखंडता एवं संप्रभुता को बनाए रखने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर सहायक सेनानायक शैलेन्द्र कुमार बाजपेई (DySP), सहायक सेनानायक सुधाकर मिश्र, शिविरपाल चंद्रेश्वर, दलनायक संदीप कुमार, दलनायक इंदल राम, सूबेदार सैन्य सहायक रवेंद्र सिंह चौधरी, SQM शिवांशु द्विवेदी सहित वाहिनी के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों को आत्मसात करने, राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने और देश की सुरक्षा एवं अखंडता के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments