
अरमापुर पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज में आयोजित शिविर में 25 से अधिक छात्र कम हीमोग्लोबिन और कम वजन के कारण नहीं कर सके रक्तदान, स्वास्थ्य जागरूकता की जरूरत आई सामने।
- सौम्या पांडेय
कानपुर नगर। संकल्प सेवा समिति की ओर से 291वां रक्तदान शिविर अरमापुर पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। शिविर में कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स ने पूरे उत्साह और जोश के साथ बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया। शिविर में कुल 15 विद्यार्थियों ने रक्तदान किया।

हालांकि, इस शिविर के दौरान एक चिंताजनक स्थिति भी सामने आई। रक्तदान के लिए उत्साहपूर्वक पहुंचे 25 से अधिक विद्यार्थी कम हीमोग्लोबिन और निर्धारित मानकों से कम वजन होने के कारण रक्तदान नहीं कर सके। इस स्थिति ने युवाओं में बेहतर पोषण, स्वास्थ्य जांच और हीमोग्लोबिन के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता को उजागर किया।
इस अवसर पर संकल्प सेवा समिति के अध्यक्ष संतोष सिंह चौहान ने सभी रक्तदाताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कॉलेज के प्रधानाचार्य श्री मुकेश सिंह, समिति के संरक्षक आदरणीय श्री अनिल सिंह बाबा तथा संकल्प सेवा समिति की पूरी टीम के सहयोग और योगदान के लिए विशेष धन्यवाद दिया।

उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और युवाओं की इसमें बढ़ती भागीदारी समाज के लिए सकारात्मक संदेश है। साथ ही, विद्यार्थियों को अपने स्वास्थ्य और खान-पान के प्रति जागरूक रहने की भी आवश्यकता है।

