राज्य सरकार के रवैये से पेंशनर्स में आक्रोश, दीपावली पर मुख्यमंत्री को सद्बुद्धि देने के लिए मां लक्ष्मी से करेंगे प्रार्थना
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। महंगाई राहत (डीआर) की घोषणा न किए जाने और चिकित्सा प्रतिपूर्ति के बिलों को ऑफलाइन स्वीकार न किए जाने से पेंशनर्स में भारी आक्रोश व्याप्त है। अपनी मांगों को लेकर सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन, कानपुर नगर ने धनतेरस एवं दीपावली पर्व का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है।
इस संबंध में एसोसिएशन की एक बैठक जल संस्थान, बेनाझाबर स्थित यूनियन कक्ष में बीएल गुलाबिया की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पेंशनर्स की समस्याओं और सरकार की कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए आरपी श्रीवास्तव एडवोकेट ने कहा कि पेंशनर्स को एक जुलाई से देय महंगाई राहत का भुगतान अभी तक राज्य सरकार द्वारा नहीं किया गया है, जबकि केंद्र सरकार अपने पेंशनर्स के लिए इसकी घोषणा कर भुगतान भी कर चुकी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने दीपावली जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर भी पेंशनर्स को महंगाई राहत से वंचित रखा है। इसके अलावा चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों को अनिवार्य रूप से ऑनलाइन जमा करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं, जिससे पेंशनर्स का भुगतान भी प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि अभी तक संबंधित कार्यालयों के कर्मचारियों को ऑनलाइन प्रक्रिया का समुचित प्रशिक्षण तक नहीं दिया गया है। ऐसे में गंभीर बीमारियों से पीड़ित बुजुर्ग पेंशनर्स को चिकित्सा प्रतिपूर्ति का लाभ नहीं मिल पा रहा है और उन्हें इलाज के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा ने सरकार की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पेंशनर्स को असहाय समझकर उनकी जायज मांगों की अनदेखी की जा रही है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
दीपावली पर मुख्यमंत्री को सद्बुद्धि देने की करेंगे प्रार्थना
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सरकार के रवैये के विरोध में पेंशनर्स धनतेरस एवं दीपावली का बहिष्कार करेंगे। साथ ही दीपावली के दिन मां लक्ष्मी से प्रार्थना करेंगे कि वे उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री को सद्बुद्धि प्रदान करें, ताकि बुजुर्ग एवं बीमार पेंशनर्स की न्यायोचित मांगों को तत्काल पूरा किया जा सके।
बैठक में बीएल गुलाबिया, अशोक कुमार मिश्रा, रविन्द्र कुमार मधुर, वीएन पाल, मेवालाल कनौजिया, सरदार इन्द्रजीत सिंह गिल, राजेश निगम, विष्णु पाल, जयेंद्र कुमार पाण्डेय, रमाकांत वर्मा, संतोष त्रिपाठी, सुनील सुमन, हरिकिशोर शुक्ला, बेचे लाल कुशवाहा, कृष्ण बहादुर सिंह, राकेश कुमार तिवारी, श्रीमती विमला मिश्रा, जसविंदर कौर, ऊषा चौहान, विनोदिनी शर्मा सहित अनेक पेंशनर्स उपस्थित रहे।

