HomeNEWSसीएसए और मदर डेयरी के बीच एमओयू पर हुए हस्ताक्षर

सीएसए और मदर डेयरी के बीच एमओयू पर हुए हस्ताक्षर

डेयरी तकनीक, खाद्य प्रसंस्करण और शोध को मिलेगा बढ़ावा, विद्यार्थियों व पशुपालकों के लिए खुलेंगे रोजगार एवं प्रशिक्षण के नए अवसर

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए), कानपुर और मदर डेयरी फ्रूट्स एंड वेजिटेबल्स, नोएडा के बीच शुक्रवार को समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का उद्देश्य दुग्ध उत्पादन, प्रसंस्करण तकनीक, मूल्य संवर्धन, प्रशिक्षण तथा उद्योग और विश्वविद्यालय के बीच सहयोग को नई दिशा प्रदान करना है।

समझौता ज्ञापन पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता एवं मदर डेयरी के सीनियर मैनेजर भूपेंद्र कुमार सिंह ने हस्ताक्षर किए।

इस अवसर पर कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने कहा कि सीएसए और मदर डेयरी के बीच यह साझेदारी विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं पशुपालकों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगी। इसके माध्यम से खाद्य प्रसंस्करण एवं डेयरी तकनीक से संबंधित अत्याधुनिक तकनीकों का आदान-प्रदान किया जाएगा। साथ ही प्रशिक्षण कार्यक्रम, औद्योगिक भ्रमण, इंटर्नशिप और संयुक्त शोध कार्यों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

मदर डेयरी के सीनियर मैनेजर भूपेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि मदर डेयरी विश्वविद्यालय के साथ मिलकर अनुसंधान, गुणवत्ता सुधार और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने इस सहयोग को डेयरी उद्योग एवं कृषि शिक्षा के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

इस अवसर पर डॉ. महक सिंह, डॉ. अजीत सिंह, डॉ. वीके त्रिपाठी, डॉ. कौशल कुमार, डॉ. सीमा सोनकर, डॉ. अजय कुमार सिंह, डॉ. डी. सिंह, डॉ. रामजी गुप्ता तथा मदर डेयरी की ओर से पवन यादव, विक्रम सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments