
200 से अधिक छात्राओं ने लिया हिस्सा, मतदान के महत्व और लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति किया गया जागरूक; युवाओं ने लिया नशामुक्त भारत का संकल्प
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। दयानंद गर्ल्स पीजी कॉलेज, कानपुर में युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में ‘अपना वोट जानें’ विषय पर विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 200 से अधिक छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर मतदान जागरूकता, लोकतांत्रिक सहभागिता और नशामुक्त भारत के संकल्प को आगे बढ़ाया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. विजय रत्ना तोमर, ब्लॉक प्रमुख सरसौल एवं भाजपा उत्तर प्रदेश की मीडिया पैनलिस्ट उपस्थित रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय युवा आइकन एवं युवा संसद की प्रतिभागी सुश्री वैष्णवी गुप्ता तथा सेवानिवृत्त अपर आयुक्त श्री केसी पांडेय ने सहभागिता की।
मतदान के अधिकार से मजबूत होगा लोकतंत्र
अतिथियों ने छात्राओं को मतदान के महत्व, मताधिकार एवं निर्वाचन प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी बेहद आवश्यक है। छात्राओं को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहने, जिम्मेदार नागरिक बनने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि श्री केसी पांडेय ने ‘नशामुक्त भारत अभियान’ विषय पर व्याख्यान देते हुए युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। उन्होंने छात्राओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशामुक्त भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
महाविद्यालय की 200 से अधिक छात्राओं ने किया प्रतिभाग
कार्यक्रम का आयोजन मेरा युवा भारत, कानपुर नगर की जिला युवा अधिकारी सुश्री भव्या के समन्वय में किया गया। आयोजन की सफलता में महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. वंदना निगम, निदेशक (स्ववित्तपोषित) प्रो. अर्चना वर्मा एवं राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी डॉ. संगीता सिरोही का विशेष योगदान रहा। कार्यालय अधीक्षक श्री कृष्णेन्द्र श्रीवास्तव ने भी महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्रवक्तागण सहित 200 से अधिक छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ ही राष्ट्र निर्माण में युवाओं की जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

