HomeNEWSडॉ. चेतन की तूफानी बल्लेबाजी, IMA ब्लू ने रेड को 9 विकेट...

डॉ. चेतन की तूफानी बल्लेबाजी, IMA ब्लू ने रेड को 9 विकेट से हराया

54 गेंदों में 98 रन की नाबाद पारी खेल बने मैन ऑफ द मैच, आईएमए टी-20 ट्रायएंगुलर क्रिकेट सीरीज में ब्लू का शानदार प्रदर्शन

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), कानपुर शाखा की ओर से टीम आईएमए 2026-27 के तत्वावधान में टीएसएच मैदान पर आयोजित आईएमए टी-20 ट्रायएंगुलर लेदर बॉल क्रिकेट सीरीज के दूसरे मुकाबले में आईएमए ब्लू ने शानदार जीत दर्ज की। शनिवार को खेले गए मुकाबले में आईएमए ब्लू ने आईएमए रेड को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। टीम की जीत के हीरो डॉ. चेतन रहे, जिन्होंने महज 54 गेंदों पर 98 रनों की विस्फोटक नाबाद पारी खेली।

टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी आईएमए रेड की टीम 24.1 ओवर में 145 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से उमाशंकर वर्मा ने सर्वाधिक 35 रन बनाए। वहीं, डॉ. विनीत रस्तोगी ने 15 और दक्ष गढ़ी ने 16 रनों का योगदान दिया।

146 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आईएमए ब्लू की टीम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 14.2 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 146 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। डॉ. चेतन ने अपनी शानदार पारी में 18 चौके और एक छक्का लगाया। उनके अलावा डॉ. अभिनव सेंगर ने 16 और डॉ. मोहम्मद अथर ने 10 रन बनाए।

गेंदबाजी में भी आईएमए ब्लू के खिलाड़ियों ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया। डॉ. चेतन, डॉ. निशांत सक्सेना और डॉ. अभिनव सेंगर ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि डॉ. मानव लूथरा और डॉ. दीपक श्रीवास्तव को एक-एक सफलता मिली।

डॉ. चेतन बने मैन ऑफ द मैच

अपनी शानदार 98 रनों की नाबाद पारी से टीम को एकतरफा जीत दिलाने वाले डॉ. चेतन को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

टूर्नामेंट का आयोजन आईएमए कानपुर के अध्यक्ष डॉ. अमित सिंह गौर, मानद सचिव डॉ. दीपक श्रीवास्तव और वित्त सचिव डॉ. दिनेश चंद्र के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। आयोजन को सफल बनाने में स्पोर्ट्स सब कमेटी के चेयरपर्सन डॉ. सी. निहलानी, को-चेयर डॉ. गौरव दुबे, वाइस प्रेसिडेंट डॉ. दिनेश सचान, स्पोर्ट्स सेक्रेटरी डॉ. मानव लूथरा, संयुक्त स्पोर्ट्स सेक्रेटरी डॉ. अभिनव सेंगर तथा कोऑर्डिनेटर्स डॉ. निशांत सक्सेना, डॉ. विकास श्रीवास्तव, डॉ. विनीत रस्तोगी और डॉ. मोहम्मद इरफान का विशेष योगदान रहा।

मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, उत्साह और खेल भावना का प्रदर्शन किया। आईएमए ब्लू की इस शानदार जीत से टीम के खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments