सुभाष द्विवेदी बोले- लोगों को जन्मदिन पर घी के दीपक नहीं, इलाज के लिए अस्पताल चाहिए; अस्पताल शुरू होने तक रोज जलाएंगे दीप
- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। किदवई नगर विधानसभा क्षेत्र में स्थित 100 बेड के सरकारी अस्पताल को जल्द शुरू कराने की मांग को लेकर नरक चतुर्दशी के अवसर पर दीप जलाकर विरोध प्रदर्शन किया गया। किदवई नगर विधानसभा क्षेत्र-215 के प्रत्याशी सुभाष द्विवेदी ने दीप प्रज्वलित कर शासन और प्रशासन का ध्यान अस्पताल के संचालन में हो रही देरी की ओर आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की जरूरत है, लेकिन अस्पताल तैयार होने के बावजूद अब तक इसका संचालन शुरू नहीं हो सका है।
इस दौरान सुभाष द्विवेदी ने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर घी के दीपक जलाए जा सकते हैं, तो जनता को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भी सरकार को गंभीरता दिखानी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों को दीपक जलाने से ज्यादा इलाज की जरूरत है। जब तक 100 बेड का यह सरकारी अस्पताल शुरू नहीं हो जाता, तब तक वह प्रतिदिन दीप जलाकर सरकार का ध्यान इस मुद्दे की ओर आकर्षित करते रहेंगे।

सुभाष द्विवेदी ने कहा कि अस्पताल का निर्माण होने के बावजूद उसका संचालन शुरू न होना क्षेत्र की जनता के लिए चिंता का विषय है। अस्पताल चालू होने से किदवई नगर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी और उन्हें इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
उन्होंने बताया कि अस्पताल को जल्द शुरू कराने की मांग को लेकर वह पहले भी कई बार विरोध प्रदर्शन कर चुके हैं। इसके बावजूद अस्पताल के संचालन को लेकर अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। उन्होंने शासन और प्रशासन से मांग की कि जनहित को प्राथमिकता देते हुए 100 बेड के सरकारी अस्पताल को जल्द से जल्द चालू कराया जाए।

