BundelkhandNEWS

झांसी-ललितपुर: सांसद अनुराग शर्मा ने उठाई किसानों के लिए उर्वरक और बीमा राहत की मांग

  • अमन कुमार

झांसी। जनपद झाँसी और ललितपुर के किसानों की समस्याओं को लेकर सांसद अनुराग शर्मा सक्रिय हो गए हैं। उन्होंने जिलाधिकारी झाँसी और ललितपुर को पत्र लिखकर उर्वरक वितरण में आ रही दिक्कतों का तुरंत समाधान करने और छोटे एवं सीमांत किसानों को प्राथमिकता पर खाद उपलब्ध कराने की मांग की है।

सांसद ने कहा कि इस वर्ष अतिवृष्टि से खरीफ की दलहन-तिलहन फसलें—मूंगफली, उर्द, मूंग, सोयाबीन आदि—लगभग 85% तक नष्ट हो चुकी हैं। वहीं, धान की बुवाई का क्षेत्रफल पिछले वर्ष की तुलना में चार गुना बढ़ गया है, जिससे डीएपी और यूरिया की मांग भी काफी बढ़ गई है।

उर्वरक उपलब्धता पर चिंता
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा खरीफ और रबी सीजन के लिए पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध कराए जाने की बात कही गई है, लेकिन सहकारी समितियों में कर्मचारियों की कमी और संसाधनों की सीमितता के कारण वितरण प्रभावित हो रहा है। समय पर उर्वरक न मिलने से किसानों में आक्रोश बढ़ रहा है और अराजक तत्व इसका फायदा उठा सकते हैं।

सांसद ने जिलाधिकारियों से अपील की कि वे खुद पूरी व्यवस्था की निगरानी करें और किसानों की समस्याओं का युद्ध स्तर पर समाधान सुनिश्चित करें।

फसल बीमा भुगतान में देरी पर नाराज़गी
सांसद अनुराग शर्मा ने किसानों के हित में मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश को भी पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि झाँसी और ललितपुर में खरीफ की फसलें अतिवृष्टि से बुरी तरह प्रभावित हुई थीं। जिलाधिकारियों ने सर्वे रिपोर्ट भेजने के बाद भी किसानों को बीमा भुगतान अब तक नहीं मिला है।

उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा बीमा कंपनियों को धनराशि पहले ही जारी कर दी गई है, फिर भी प्रभावित किसानों को खरीफ-1432 के अंतर्गत बीमा लाभ नहीं मिल पाया है। इस पर उन्होंने मुख्य सचिव से तत्काल कार्रवाई कर किसानों को शीघ्र राहत राशि दिलाने की मांग की।

किसानों के हित सर्वोपरि
सांसद ने स्पष्ट किया कि किसानों की सुरक्षा और हित ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे लगातार प्रयासरत हैं ताकि किसानों को समय पर खाद मिले और खराब हुई फसलों का मुआवज़ा बीमा योजना के तहत शीघ्र मिल सके।

Related Articles

Back to top button