BundelkhandNEWS

केंद्रीय संचार ब्यूरो ने राष्ट्रीय पोषण माह और स्वच्छता अभियान के तहत किया जागरूकता कार्यक्रम

  • पूजा परिहार

झांसी। राष्ट्रीय पोषण माह, स्वच्छता ही सेवा और सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 11 वर्ष के अवसर पर केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय झांसी द्वारा सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, दतिया गेट, झांसी में जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन ने किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं में पोषण की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि एक स्वस्थ और पोषित नारी पूरे परिवार को स्वस्थ रखती है। उन्होंने यह भी बताया कि भारत सरकार मां और बच्चों के स्वास्थ्य व पोषण के लिए प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना जैसी योजनाएं चला रही है, जिससे गर्भवती महिलाओं और नवजात बच्चों को सीधी आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।

कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से पांच गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और पांच नवजात बच्चों का अन्नप्राशन समारोह संपन्न कराया गया। विशिष्ट अतिथि जिला कार्यक्रम अधिकारी विपिन मैत्रेय ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के सहयोग से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में महिलाओं और बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य की जरूरतें पूरी की जा रही हैं।

स्वास्थ्य एवं पोषण पर जानकारी:

  • विषय विशेषज्ञ डॉ. कीर्ति यादव ने मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता और खान-पान पर ध्यान देने के निर्देश दिए और छात्राओं व महिलाओं से स्वच्छता की शपथ दिलाई।
  • न्यूट्रिशियनिस्ट डॉ. अंजली वर्मा ने मोटे अनाज और उनके स्वास्थ्य लाभ पर प्रकाश डाला तथा जंक फूड से होने वाले नुकसानों के प्रति आगाह किया।

प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम:

  • ‘किशोरावस्था में संतुलित भोजन की आवश्यकता’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता।
  • ‘स्वच्छता ही सेवा’ विषय पर चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिता। विजेताओं में समीक्षा जोशी, मिनी साहू, खुशी उपाध्याय, खुशी रजक, जिया तड़ियाल, दीपिका राजपूत, कंचन प्रजापति, रागिनी और खुशी शामिल रही।
  • संतराम एंड पार्टी ने पोषण और स्वच्छता से संबंधित गीत और नाटक प्रस्तुत किए।

अतिथियों को क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी अमन गुप्ता की ओर से स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय की प्रबंधिका रमा चतुर्वेदी, प्रधानाचार्या कल्पना सिंह, सीडीपीओ मंजुलता अग्रवाल, सुपरवाइजर धनकुंवर आनंद और रॉकेट लर्निंग के जिला कॉर्डिनेटर शिवेंद्र द्विवेदी का विशेष योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button