संतकबीरनगर में ‘मिशन शक्ति फेज-5.0’ कार्यक्रम का आयोजन, छात्राओं और महिलाओं को किया जागरूक और सम्मानित

- दिवाकर गुप्ता
संतकबीरनगर। जिले में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा आयोजित ‘मिशन शक्ति फेज-5.0’ कार्यक्रम का आयोजन पुलिस लाइन में किया गया। इस कार्यक्रम में डीआईजी बस्ती संजीव त्यागी, जिलाधिकारी संतकबीरनगर आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न स्कूलों जैसे सूर्या इंटरनेशनल एकेडमी, ब्लूमिंग बर्ड्स स्कूल और माध्यमिक बालिका विद्यालय बड़गो की छात्राओं, उनके अभिभावकों और समाज में विशेष योगदान देने वाली महिलाओं से संवाद किया गया। डीआईजी बस्ती ने उन्हें पुलिस द्वारा संचालित विभिन्न सुरक्षा कार्यक्रमों, हेल्पलाइन नंबरों (1090, 181, 112, 1076 आदि) और मिशन शक्ति फेज-5.0 से संबंधित जानकारी साझा की। इसके साथ ही पम्पलेट और बुकलेट वितरित कर छात्राओं और महिलाओं को जागरूक किया गया।
डीआईजी बस्ती ने आमंत्रित छात्राओं और महिलाओं को सम्मानित कर उनके उत्साहवर्धन भी किया। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर सुशील कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद अजय सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात खलीलाबाद, महिला थाना प्रभारी पूनम मौर्या, महिला थाना व साइबर क्राइम थाना की टीमों सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।



