HomeUncategorizedगणेश शंकर विद्यार्थी की जयंती पर विधायक अमिताभ बाजपेई ने किया माल्यार्पण,...

गणेश शंकर विद्यार्थी की जयंती पर विधायक अमिताभ बाजपेई ने किया माल्यार्पण, दी श्रद्धांजलि

नरोना चौराहा स्थित प्रतिमा पर किया नमन, सत्य, निर्भीक पत्रकारिता और सांप्रदायिक सद्भाव के आदर्शों को किया याद

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। अमर शहीद, महान पत्रकार एवं स्वतंत्रता सेनानी गणेश शंकर विद्यार्थी की जयंती के अवसर पर आर्यनगर विधायक अमिताभ बाजपेई ने नरोना चौराहा स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने गणेश शंकर विद्यार्थी के व्यक्तित्व, कृतित्व और देश की आजादी के आंदोलन में उनके योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।

विधायक अमिताभ बाजपेई ने कहा कि गणेश शंकर विद्यार्थी केवल एक महान पत्रकार ही नहीं, बल्कि सत्य, निर्भीकता, सामाजिक न्याय और सांप्रदायिक सद्भाव के सशक्त प्रहरी थे। उन्होंने अपनी लेखनी के माध्यम से अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती दी और समाज के वंचित, शोषित एवं पीड़ित वर्गों की आवाज को बुलंद किया। उनकी पत्रकारिता जनहित और सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पित रही।

उन्होंने कहा कि गणेश शंकर विद्यार्थी ने पत्रकारिता को समाज में बदलाव का माध्यम बनाया और अन्याय के खिलाफ निर्भीक होकर आवाज उठाई। सांप्रदायिक सद्भाव और इंसानियत की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देकर उन्होंने देश के सामने त्याग, साहस और मानवता की ऐसी मिसाल पेश की, जिसे सदैव याद किया जाएगा।

विधायक ने कहा कि वर्तमान समय में भी गणेश शंकर विद्यार्थी के विचार और आदर्श प्रासंगिक हैं। सत्य के प्रति निष्ठा बनाए रखना, अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाना और समाज में आपसी भाईचारे एवं सद्भाव को मजबूत करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने लोगों से विद्यार्थी जी के विचारों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की।

इस अवसर पर पार्षद रजत बाजपेई, वरिष्ठ नेता अवधेश जायसवाल टिल्लू, पप्पन शर्मा, चंकी गुप्ता, निसार अहमद, मोहम्मद शकील, रियाज अहमद, प्रशांत मोहन जायसवाल, दुर्गेश चक, आशीष शुक्ल शिब्बू, मर्फी, पुण्य जैन, जितेंद्र जायसवाल, कीर्तिमान अवस्थी, सैफ, गगन दीक्षित, रवि पांडे, निहाल, विस्सू यादव, आकाश यादव और दीपांशु पांडे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments