भारतीय कंपनियां साठगांठ वाले पूंजीवाद नहीं, नवाचार से हासिल कर सकती हैं सफलता : राहुल गांधी

- समय टुडे डेस्क।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि भारतीय कंपनियां साठगांठ वाले पूंजीवाद पर निर्भर नहीं होकर नवाचार और गुणवत्ता के जरिए कामयाबी हासिल कर सकती हैं।
राहुल गांधी इन दिनों दक्षिण अमेरिकी महाद्वीप के चार देशों के दौरे पर हैं। उन्होंने कोलंबिया में बजाज पल्सर मोटरसाइकिल की तस्वीर साझा करते हुए कहा कि बजाज, हीरो और टीवीएस जैसी कंपनियों का कोलंबिया में अच्छा प्रदर्शन गर्व की बात है। उनका कहना था कि यह साबित करता है कि नवाचार ही भारतीय कंपनियों की सफलता की कुंजी है।
इसके अलावा, राहुल गांधी ने कोलंबिया के मेडेलिन स्थित ईआईए विश्वविद्यालय में आयोजित एक संवाद कार्यक्रम में कहा कि वर्तमान समय में भारत में लोकतांत्रिक व्यवस्था पर व्यापक हमला हो रहा है, लेकिन इसे पार करना देश के लिए जरूरी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत को विभिन्न परंपराओं और विचारों को पनपने देना चाहिए, क्योंकि ‘‘हम चीन जैसा नहीं कर सकते, जहां लोगों का दमन किया जाता है और अधिनायकवादी व्यवस्था चलती है।’’



