राज्य मंत्री असीम अरुण ने सुनी घुमंतु समाज की समस्याएं, 80 लाख की लागत से बनेगा मिलन केंद्र

- अजय सिंह
कानपुर। उत्तर प्रदेश सरकार में समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण मंत्री असीम अरुण ने ककवन क्षेत्र के मनांवा गांव स्थित सिघनाथ पुरवा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने घुमंतू जाति और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए आयोजित विशेष सम्मेलन में भाग लिया।
मंत्री असीम अरुण के आगमन पर स्थानीय ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने घुमंतू एवं वंचित समाज के लोगों की समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद बिल्हौर तहसील के उपजिलाधिकारी तथा संबंधित अधिकारियों को तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए।

मंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने इस विशेष समुदाय के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं — जिनमें आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़ी योजनाएं प्रमुख हैं।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने अपने क्षेत्र की समस्याएं रखीं, जिनमें आवास, पेंशन, राशन कार्ड और रोजगार संबंधी मुद्दे मुख्य रूप से शामिल थे।
मौके पर मंत्री असीम अरुण ने 80 लाख रुपये की लागत से एक “मिलन केंद्र” के निर्माण की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अनुसूचित जाति, जनजातीय और घुमंतू समाज के कल्याण के लिए निरंतर कार्यरत है।
कार्यक्रम में भाजपा नेता अखिलेश अवस्थी, ग्राम प्रधान ककवन राजू स्वर्णकार, ग्राम प्रधान मनांवा नरेश कठेरिया, जेपी कटियार, राजू नाथ सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।



