NEWS

संजय निषाद का विपक्ष पर वार — “जो भी फॉर्मूला अपनाएं, बिहार में एनडीए ही बनाएगा सरकार”

  • संगम झा

लखनऊ/पटना। उत्तर प्रदेश के मंत्री और निषाद पार्टी के प्रमुख संजय निषाद ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि विपक्ष चाहे जितने भी फॉर्मूले और गठबंधन बना ले, लेकिन राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ही बिहार में सत्ता में आएगा।

एएनआई से बातचीत में संजय निषाद ने कहा, “वे जो भी फॉर्मूला अपनाएंगे, एनडीए बिहार में सत्ता में आएगी। हर पार्टी और गठबंधन की अपनी विचारधारा और प्रणाली होती है, लेकिन इन लोगों ने राजनीति को पेशा बना लिया है।”

उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि उनके पास जनता के विकास का कोई ठोस एजेंडा नहीं है और वे सिर्फ सत्ता हासिल करने की राजनीति कर रहे हैं। निषाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में विकास का नया अध्याय लिखा जाएगा।

इसी बीच, भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने भी महागठबंधन पर हमला बोलते हुए कहा कि गठबंधन बनने से पहले ही टूट की कगार पर है। उन्होंने कहा, “महागठबंधन बनने से पहले ही बिखर रहा है। राजद नेता तेजस्वी यादव का करिश्मा अब खत्म हो चुका है। अब सिर्फ नीतीश कुमार ही बिहार में सफल होंगे।”

गौरतलब है कि सोमवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने अपने 143 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी, जिससे महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर चल रही बातचीत लगभग पूरी हो गई। हालांकि, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के चुनाव से अलग होने से गठबंधन को झटका लगा है। राजद के साथ कांग्रेस को 61, सीपीआई (एमएल) को 20 और कुछ सीटें वीआईपी पार्टी को मिलने की संभावना जताई जा रही है।

2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला एनडीए बनाम महागठबंधन के बीच होगा। एनडीए में भाजपा, जदयू, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा शामिल हैं। वहीं, महागठबंधन में राजद, कांग्रेस, सीपीआई, सीपीएम, सीपीआई (एमएल) और वीआईपी पार्टी हैं।

इसके अलावा, प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने भी राज्य की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। बिहार में मतदान 6 और 11 नवंबर 2025 को होगा, जबकि परिणाम 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button