सरदार पटेल ने रियासतों का विलय कर रखा ‘एक भारत, मजबूत भारत’ का आधार – प्रकाश पाल

- दिव्या पाण्डेय
कानपुर नगर। भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय, नवीन मार्केट कानपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि सरदार पटेल ने सैकड़ों रियासतों का भारत में विलय कर ‘एक भारत, मजबूत भारत’ की नींव रखी।
उन्होंने कहा कि यदि सरदार पटेल को प्रधानमंत्री बनने का अवसर मिला होता, तो आज भारत और भी अधिक सशक्त व एकजुट राष्ट्र के रूप में खड़ा होता। उन्होंने आरोप लगाया कि पंडित नेहरू ने पटेल के वोट चोरी कर प्रधानमंत्री पद प्राप्त किया, और उनके निधन के समय अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों को अंतिम यात्रा में शामिल होने से भी रोका था।
प्रकाश पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरदार पटेल के विचारों को आगे बढ़ाते हुए ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का नारा दिया। वर्ष 2018 में मोदी ने देशभर से किसानों से लोहा एकत्र कर 182 मीटर ऊंची ‘स्टैचू ऑफ यूनिटी’ का निर्माण कराया, जो आज विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा है और सरदार पटेल के योगदान का प्रतीक है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने 31 अक्टूबर को ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में घोषित किया और ‘रन फॉर यूनिटी’ जैसे कार्यक्रमों की शुरुआत की, जिससे देशभर में एकता और अखंडता की भावना को मजबूती मिली।
क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि सरदार पटेल की जयंती के अवसर पर भाजपा पूरे प्रदेश में विविध कार्यक्रम आयोजित कर रही है।
31 अक्टूबर को प्रत्येक बूथ स्तर पर सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण व गोष्ठी होगी।
जिला स्तर पर ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया जाएगा।
लोकसभा व विधानसभा स्तर पर पदयात्राएं होंगी।
विद्यालयों में भाषण, चित्रकला और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।
एसआईआर (SIR) से जुड़े प्रश्न पर प्रकाश पाल ने कहा कि इसके लागू होने से लोकतंत्र और सशक्त होगा। इससे बोगस मतदाता सूची से बाहर होंगे और वास्तविक मतदाताओं को शामिल किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि इससे बांग्लादेशी व रोहिंग्या घुसपैठिए मतदाता सूची से हटेंगे। विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें भारतीय मतदाताओं की नहीं, बल्कि घुसपैठियों की चिंता है, इसलिए वे एसआईआर का विरोध कर रहे हैं।
प्रेस वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित, सांसद रमेश अवस्थी, विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक, विधायक महेश त्रिवेदी, विधायक नीलिमा कटियार, पूर्व विधायक रघुनंदन भदौरिया, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, सत्यम गुप्ता, धीरज बाल्मीकि सहित अनेक वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने किया।



