HomeNEWSकिदवई नगर मार्बल मार्केट में अधिकारियों और व्यापारियों की बैठक संपन्न

किदवई नगर मार्बल मार्केट में अधिकारियों और व्यापारियों की बैठक संपन्न

सीवर लाइन कार्य की खामियों पर उठे सवाल

  • अंकित बाजपेई

कानपुर नगर। किदवई नगर स्थित न्यू जैन मार्बल मार्केट में आज सी.एम. ग्रेड रोड निर्माण कार्य को लेकर अधिकारियों और व्यापारियों की संयुक्त बैठक संपन्न हुई। बैठक में सीवर लाइन बिछाने के दौरान हो रही अनियमितताओं पर प्रमुख रूप से चर्चा की गई।

व्यापारियों ने बताया कि सीवर लाइन डालते समय नीचे की मिट्टी को ठीक से समतल नहीं किया जा रहा, जिससे सड़क की गुणवत्ता पर असर पड़ रहा है। इसके अलावा, कई स्थानों पर गड्ढे खोदकर छोड़ दिए गए हैं, जिससे दुकानदारों को व्यापार करने में भारी परेशानी हो रही है। साथ ही, सीवर, वाटर और वायर लाइनें असमान स्तर पर डाली जा रही हैं, जिसके चलते रोड की ऊंचाई बढ़कर लगभग डेढ़ फुट तक ऊपर हो रही है और नए सीमेंटेड नाले से जल निकासी में बाधा की आशंका व्यक्त की गई।

बैठक में अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जहां भी बिना समतल मिट्टी के पाइप डाले गए हैं, उन्हें उखाड़कर दोबारा गिट्टी व कंक्रीट डालकर सही तरीके से बिछाया जाएगा। साथ ही, जिन स्थानों पर गड्ढे खुदे हैं, उन्हें तीन दिन के भीतर समतल कर दुरुस्त किया जाएगा। अधिकारियों ने यह भी कहा कि आगे से सभी पाइपलाइन कार्य एक साथ और समन्वयित रूप से किए जाएंगे ताकि बार-बार खुदाई की आवश्यकता न पड़े।

बैठक में प्रमुख रूप से कानपुर दक्षिण अध्यक्ष कमल उत्तम, अशोक शुक्ला, हिमांशु पाल, विजय गुप्ता, बालकृष्ण गुप्ता, संतोष प्रजापति, अमित जैन, जल निगम के इंजीनियर शिव गोविंद गुप्ता, राजेश कुमार, नगर निगम के चीफ इंजीनियर पंकज श्रीवास्तव, और हरिओम सहित अन्य अधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments